क़बीरधाम,,,,,सेवा संकल्प अभियान: ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता से विद्यार्थियों ने अभिव्यक्त किए विकसित भारत के सपने

जिले के 1481 शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में आयोजित हुई प्रतियोगिता
कवर्धा, 18 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत कबीरधाम जिले में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं विकसित भारत के प्रति उनके विचारों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 18 सितंबर 2026 को जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
जिले में कुल 1236 शासकीय, 239 अशासकीय एवं 06 अनुदान प्राप्त विद्यालयों, इस प्रकार कुल 1481 विद्यालयों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में सहभागिता की। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को दो विषयों के माध्यम से अपने विचार और कल्पनाएं चित्रों के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। इसमें 50 प्रतिशत विद्यार्थियों ने पिछले 25 वर्षों में देश द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों पर तथा 50 प्रतिशत विद्यार्थियों ने आगामी 25 वर्षों में विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित चित्र बनाए।
19 सितंबर को विद्यालयों में प्रदर्शित होंगे विद्यार्थियों के चित्र
विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों एवं पेंटिंग को 19 सितंबर 2026 को सभी विद्यालयों में प्रदर्शित किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों के माध्यम से देश की विकास यात्रा एवं विकसित भारत के उनके सपनों को प्रदर्शित किया जाएगा। चित्र प्रदर्शनी कार्यक्रम में विद्यार्थियों के पालकों, शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी), शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के साथ समुदाय की सहभागिता को बढ़ावा देना है।
भाषण प्रतियोगिता एवं न्योता भोज का भी आयोजन
19 सितंबर को ही ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित है। साथ ही यथासंभव न्योता भोज का आयोजन भी किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत की संकल्पना, देश की उपलब्धियों और भविष्य के भारत को लेकर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिलेगा।
निगरानी के लिए अधिकारियों को किया गया नियुक्त
कार्यक्रम के प्रभावी आयोजन एवं मॉनिटरिंग के लिए 18 एवं 19 सितंबर को एबीईओ, संकुल प्रभारी एवं संकुल समन्वयकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही प्रत्येक विद्यालय में कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय के लिए एक शिक्षक अथवा शिक्षिका को सहायक अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी दी गई है।
विकासखंड स्तर पर होगी प्रतियोगिता
विद्यालय स्तर पर चयनित एक चित्रकला एवं एक भाषण प्रतिभागी विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। विकासखंड स्तर की प्रतियोगिता प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर के लिए 28 सितंबर 2026 तथा हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्तर के लिए 01 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के लिए स्थान निर्धारित कर उसकी सूचना संबंधित विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
03 अक्टूबर को होगा जिला स्तरीय आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन 03 अक्टूबर 2026 को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी विद्यालय, सिग्नल चैक, कवर्धा में किया जाएगा। जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रत्येक विकासखंड से चयनित 05-05 प्रतिभागी तथा चित्रकला प्रतियोगिता में प्रत्येक विकासखंड से चयनित 20-20 प्रतिभागी शामिल होंगे। विद्यार्थी अपने विचारों एवं रचनात्मकता के माध्यम से देश की अब तक की उपलब्धियों और आगामी 25 वर्षों में विकसित भारत की अपनी कल्पना को जिला स्तर पर प्रस्तुत करेंगे।




