कवर्धा

जिला क़बीरधाम,,,,,थाना-सिंघनपुरी जंगल पुलिस ने ग्राम कोयलारी में लगाया चलित थाना, ग्रामीणों से किया संवाद।

अवैध शराब, नशे एवं अपराधों की रोकथाम के साथ साइबर ठगी से बचाव को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक।

कबीरधाम जिले के थाना सिंघनपुरी जंगल पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस एवं ग्रामवासियों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखते हुए अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से ग्राम कोयलारी में चलित थाना लगाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में आयोजित चलित थाना के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की सुरक्षा एवं स्थानीय समस्याओं के संबंध में जानकारी ली।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश चंड के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों को अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन से दूर रहने तथा क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए समझाइश दी गई। साथ ही गांव एवं आसपास के क्षेत्र में किसी बाहरी अथवा असामाजिक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की गई, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा सके।

चलित थाना के दौरान वर्तमान में संचालित साइबर जागृति अभियान के तहत ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस ने ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी, यूपीआई पिन एवं अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक से सावधान रहने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने के लिए जागरूक किया।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में अपराध, नशा, अवैध गतिविधि, लड़ाई-झगड़ा, संदिग्ध व्यक्ति अथवा किसी भी प्रकार की समस्या की जानकारी समय रहते पुलिस को दें। किसी भी समस्या के लिए ग्रामीण कभी भी थाना पहुंचकर पुलिस को अवगत करा सकते हैं। जमीन संबंधी विवाद में आपस में विवाद या मारपीट न करें तथा ऐसे मामलों में पुलिस को सूचना देकर शांतिपूर्ण एवं वैधानिक समाधान प्राप्त करें।

पुलिस द्वारा ग्रामीणों को नशे से दूर रहने, आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा गांव में शांतिपूर्ण वातावरण कायम रखने के लिए भी समझाइश दी गई। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा एवं समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। पुलिस और ग्रामवासियों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का प्रयास जारी रहेगा।

चलित थाना में ग्राम कोयलारी के सरपंच नन्द कुमार साहू, उप सरपंच केशराम साहू, पद्मन साहू, रामदयाल, चैत धुर्वे, मोहित साहू, पदुम साहू, सुगंधलाल साहू, नुबरन साहू, झन्नू साहू, चोवाराम साहू, चोप सिंह साहू, सुरेंद्र साहू सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में थाना सिंघनपुरी जंगल प्रभारी निरीक्षक श्री राजेश चंड के कुशल नेतृत्व में थाना टीम से प्रधान आरक्षक पेखेंद्र जांगड़े, आरक्षक अविनाश तिवारी, आरक्षक बद्रीनाथ, आरक्षक अकीब सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!