जिला बिलासपुर,,,,छत्तीसगढ़ में सवर्ण आयोग के गठन और UGC नियमों में बदलाव की माँग को लेकर बिलासपुर में बैठक

अरविंद सिंह राजपूत,,,,बिलासपुर/ शहर के इमलीपारा स्थित श्री परशुराम भवन में सवर्ण समाज समन्वय समिति के तत्त्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में सवर्ण समाज के अधिकारों की रक्षा, छत्तीसगढ़ में ‘सवर्ण आयोग’ के गठन, राष्ट्रीय स्तर पर आरक्षण व्यवस्था की तथ्य-आधारित समीक्षा तथा UGC नियमों में रोलबैक की माँग पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने समाज को संगठित करने पर बल देते हुए कहा कि अधिकारों की प्राप्ति के लिए जमीनी स्तर पर जागरूकता आवश्यक है। इसके लिए बिलासपुर के प्रत्येक वार्ड में संगठित होकर साप्ताहिक बैठकें आयोजित करने और जनसंपर्क अभियान चलाने की कार्ययोजना स्वीकृत की गई।
विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में बिलासपुर के विभिन्न घटकों—ब्राह्मण समाज, क्षत्रिय समाज, जैन एवं अग्रवाल समाज, सिंधी समाज तथा कायस्थ समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में महिलाओं की विशेष उपस्थिति और युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
सर्व क्षत्रिय राजपूत महासंघ छत्तीसगढ़ के महासचिव प्रेम सिंह ठाकुर एवं मीडिया प्रभारी अरविन्द सिंह राजपूत ने संयुक्त रूप से बताया कि आने वाले दिनों में इस अभियान को और गति दी जाएगी, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक जागरूकता पहुँचाई जा सके।




