कवर्धा

क़बीरधाम,,,,पुलिस स्मृति दिवस पर कबीरधाम पुलिस ने वीर शहीदों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, शोक शस्त्र परेड के साथ वीर जवानों को दी गई सलामी।

पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने देश के 154 एवं छत्तीसगढ़ के 04 वीर शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का किया वाचन।

न्यू पुलिस लाइन जोराताल में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि समारोह, शहीद परिवारों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर किया गया सम्मानित।

शोक शस्त्र परेड के साथ वीर शहीदों को दी गई सलामी

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को न्यू पुलिस लाइन जोराताल, कबीरधाम के परेड ग्राउंड में गरिमामय पुलिस स्मृति परेड एवं श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) ने कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले देश के 154 वीर पुलिसकर्मियों, जिनमें छत्तीसगढ़ के 04 शहीद पुलिसकर्मी शामिल हैं, के नामों का वाचन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

श्रद्धांजलि समारोह के दौरान प्रशिक्षु सूबेदार सुश्री पायल प्रधान एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुश्री सत्या नेताम के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र परेड आयोजित कर वीर शहीदों को सलामी दी। शोक धुन के बीच आयोजित इस परेड ने शहीद पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का स्मरण कराया। तत्पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौन धारण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस जवानों एवं शहीद परिवारों के सदस्यों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश एवं समाज की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

21 अक्टूबर का ऐतिहासिक महत्व : शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का स्मरण

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 वीर जवान शहीद हुए थे। इन वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के शौर्य, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करने का अवसर है।

शहीद परिवारों का सम्मान कर व्यक्त की कृतज्ञता

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने उपस्थित शहीद परिवारों के सदस्यों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शहीद आरक्षक श्री झल्लू प्रसाद नेवले के सुपुत्र श्री जितेन्द्र नेवले एवं बहू श्रीमती पूनम नेवले तथा शहीद आरक्षक श्री धनसिंह मेरावी की सुपुत्रियों सुश्री संगीता मेरावी एवं सुश्री सविता मेरावी को सम्मानित किया गया।

शहीद परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके त्याग, समर्पण और योगदान को नमन किया गया। यह सम्मान राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के प्रति पुलिस विभाग की श्रद्धा और उनके परिजनों के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा।

शहीदों के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि – पुलिस अधीक्षक

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी सार्थक होगी, जब प्रत्येक पुलिसकर्मी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता एवं पूर्ण निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून के शासन को सुदृढ़ बनाने तथा समाज में शांति, सुरक्षा एवं विश्वास बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना ही वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस बल एवं नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति

पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में 17वीं वाहिनी के उप सेनानी श्री प्रमोद गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री आशीष शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रमिला मंडावी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया श्री भूपत सिंह, 17वीं वाहिनी की सहायक सेनानी श्रीमती मोनिका सिंह परिहार सहित जिले के थाना-चौकी प्रभारी, कबीरधाम पुलिस एवं 17वीं वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारी तथा शहर के अन्य सम्माननीय नागरिकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री दुर्गेश पांडे ने किया।

शहीदों का बलिदान सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत

कबीरधाम पुलिस देश की सुरक्षा एवं नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले समस्त वीर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धापूर्वक नमन करती है। उनके अदम्य साहस, त्याग एवं कर्तव्यनिष्ठा को सदैव स्मरण रखते हुए जनसेवा, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!