क़बीरधाम,,,,,ई-ऑफिस के माध्यम से नस्तियों के निपटान में अधीक्षक श्री राजेन्द्र सिंह धुर्वे ने प्राप्त किया प्रथम स्थान

शासन ने प्रशंसा-पत्र देकर किया सम्मानित
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने दी बधाई
कवर्धा, 21 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा ई-ऑफिस के माध्यम से शासकीय नस्तियों के निपटान में उत्कृष्ट कार्य करने पर अधीक्षक श्री राजेन्द्र सिंह धुर्वे को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है। श्री धुर्वे ने माह सितम्बर एवं अक्टूबर की अवधि में ई-ऑफिस के माध्यम से नस्तियों के निपटान में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। शासकीय दायित्वों का अत्यंत निष्ठा, लगन एवं तत्परता के साथ निर्वहन करने के लिए उन्हें यह प्रशंसा-पत्र प्रदान किया गया है।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने श्री राजेन्द्र सिंह धुर्वे को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों के निष्पादन में समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत महत्वपूर्ण है। ई-ऑफिस व्यवस्था शासन की कार्यप्रणाली को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से नस्तियों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित होता है तथा कार्यालयीन कार्यों में अनावश्यक विलंब भी कम होता है।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि श्री धुर्वे द्वारा अपने शासकीय दायित्वों का निष्ठा एवं लगन के साथ निर्वहन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करना सराहनीय है। यह उपलब्धि अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने शासकीय दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी, तत्परता और सकारात्मक कार्यशैली के साथ निर्वहन करने तथा ई-ऑफिस प्रणाली का अधिकाधिक उपयोग करते हुए समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।




