क़बीरधाम,,,,बेमौसम बारिश से फसल नुकसान होने पर किसान 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर दें सूचना

कटाई के बाद खेत में रखी फसल को भी बीमा सुरक्षा, नुकसान की सूचना देने के लिए किसानों को किया जा रहा जागरूक
कवर्धा, 21 नवंबर 2026। वर्तमान में बेमौसम बारिश, चक्रवात एवं अतिवृष्टि की संभावित स्थिति को देखते हुए किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान से राहत दिलाने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। किसानों से अपील की गई है कि बेमौसम बारिश, चक्रवात अथवा अतिवृष्टि के कारण फसल को नुकसान होने पर इसकी सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 14447 पर दें। नुकसान की सूचना घटना के 72 घंटे के भीतर देना अनिवार्य है।
जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कटाई के बाद खेत में रखी फसल (करपा) को बेमौसम बारिश एवं चक्रवात के कारण होने वाले नुकसान की स्थिति में कटाई से 14 दिनों तक बीमा दावा मान्य रहेगा। इसी तरह अतिवृष्टि के कारण खेत में जलभराव होने से फसल को नुकसान पहुंचने पर भी किसान इसकी सूचना दर्ज करा सकते हैं।
फसल नुकसान की सूचना देते समय किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, ग्राम का नाम, खसरा नंबर, बीमित फसल, पॉलिसी नंबर, नुकसान का कारण एवं नुकसान होने की तारीख जैसी आवश्यक जानकारी तैयार रखनी होगी। सूचना दर्ज होने के बाद 48 घंटे के भीतर सर्वेयर की नियुक्ति, 10 दिनों के भीतर सर्वेक्षण तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 15 दिनों में दावा राशि सीधे किसान के बैंक खाते में अंतरित किए जाने का प्रावधान है।
किसान टोल फ्री नंबर 14447 के अलावा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप अथवा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmfby.gov.in के माध्यम से भी फसल नुकसान की सूचना दर्ज करा सकते हैं।
मैदानी अमले को निर्देशित किया गया है कि वे गांव-गांव तक पहुंचकर किसानों को इन प्रावधानों की जानकारी दें तथा कृषक समूहों, ग्राम पंचायत समूहों एवं सहकारी समितियों के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। प्रभावित किसानों को नुकसान की सूचना दर्ज कराने में आवश्यक सहयोग भी प्रदान करें।
किसान भाइयों से अपील है कि फसल नुकसान होने पर देरी न करें। घटना के 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दर्ज कराएं, ताकि समय पर सर्वेक्षण एवं बीमा दावा प्रक्रिया पूरी की जा सके।




