क़बीरधाम,,,,भोरमदेव पदयात्रा में सभी श्रद्धा भाव से शामिल होकर बनाये इसे ऐतिहासिक: अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू

भोरमदेव पदयात्रा, सामाज कल्याण विभाग, जल संसाधन विभाग एवं जिला पंचायत विकास योजना सहित अन्य विभागीय कार्यो की जिला पंचायत के सामान्य सभा में हुई समीक्षा
जिला पंचायत सदस्यों ने अपने क्षेत्र से जुड़े जनहित के विषयों को सदन में उठाया प्रमुखता सें
कवर्धा, 2 अगस्त 2026। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू की अध्यक्षता में सावन के प्रथम सोमवार 03 अगस्त को पद यात्रा हेतु सभी श्रद्धालूओं के लिए जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग, जल संसाधन विभाग एवं जिला पंचायत विकास योजना 2026-27 के संबंध में जिला पंचायत कबीरधाम के सामान्य सभा में विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्री कैलाश चन्द्रवंशी भी उपस्थित रहें। चर्चा के दौरान अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू ने सभी विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि 03 अगस्त को प्रातः 07 बजें से बुढ़ामहादेव मंदिर के दर्शन उपरान्त बड़ी संख्या में श्रद्धालु विश्व प्रसिद्ध बाबा भोरमदेव मंदिर दर्शन हेतु पद यात्रा के लिए रवाना होंगे। इस दौरान पूरे रास्ते में सभी श्रद्धालुओं के लिए आवश्यकता अनुसार चिकित्सा व्यवस्था, पेयजल, स्वल्पाहार, स्वच्छता सहित सभी जरूरी विषयों के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिये गये। उन्होंने कहा कि सभी अपने परिवारजनों के साथ पद यात्रा में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाते हुए बाबा भोरमदेव के दर्शन का लाभ उठाए।
महिला बाल विकास विभाग द्वारा जिले में संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से टिकाकरण, स्वास्थ्य जांच संदर्भ सेवाएं, पूरक पोषण आहार, स्वास्थ्य पोषण एवं शाला पूर्व शिक्षा की सुविधा आम जनता को प्राप्त हो रही है। एकीकृत बाल विकास योजना, समेकित बाल विकास योजना में पूरक पोषण आहार, जिले में कुपोषण के विरूद्ध किये जा रहें प्रयासों की जानकारी, आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, सखी वन स्टाॅप सेन्टर, बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सहित मिशन वात्स्लय की पूरी जानकारी सदन को दी गई। महतारी वंदन योजना में बताया गया कि जिले में 2 लाख 50 हजार 751 महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा है तथा अब तक 29 किस्तों के द्वारा 680.25 करोड़ रूपये डीबीटी के माध्यम से पात्र महिलाओं के खाते में सीधे अंतरित किया गया है। जल संसाधन विभाग के कार्यो की जानकारी देते हुए कार्यपालन अभियंता ने बताया गया कि वर्तमान वर्षा ऋतु में जिले के सभी प्रमुख डैम में जल भराव की स्थिति अच्छी है। गत वर्ष से विभाग द्वारा किये जा रहे प्रयासों के आधार पर नये डैम के निर्माण की जानकारी सदन को दी गई। बैराखार जलाशय से पानी छोड़ने की सूचना सदन को दी गई। इसी तरह सरोधा जलाशय से सिंचाई एवं निस्तारी के लिए पानी उपलब्ध कराने के विषय में बताया गया। वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 13 अलग-अलग कार्यों के द्वारा सिंचाई सुविधाओं में विस्तार एवं जल संरक्षण की दिशा में किये जाने वाले प्रयासों पर विस्तृत जानकारी सदन को दी गई। विकसित भारत जी राम जी योजना अंतर्गत सिंचाई हेतु किये जा रहे नहर लाइनिंग एवं अन्य कार्यों की जानकारी सदन को दी गई। सामान्य सभा की बैठक के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, सदस्य श्रीमती दीपा पप्पू धुर्वे, श्री रामकुमार भट्ट, श्रीमती राजेश्वरी धृतलहरे, श्रीमती पूर्णिमा मनीराम साहू, श्रीमती ललिता रूपसिंह धुर्वे, श्री राज कुमार मेरावी, श्री विरेन्द्र कुमार साहू, श्री रोशन दुबे, श्रीमती सुमित्रा विजय पटेल, श्रीमती अन्नपूर्णा रामगोपाल चंद्राकर, अध्यक्ष जनपद पंचायत कवर्धा श्रीमती सुषमा गनपत बघेल, अध्यक्ष जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा श्रीमती दुर्गा सिंह, अध्यक्ष जनपद पंचायत पंडरिया श्रीमती नंदनी राज कुमार साहू एवं विधायक प्रतिनिधि कवर्धा श्री भूखन साहू उपस्थित रहें।
जिला पंचायत विकास योजना वर्ष 2026-27 के संबंध में जानकारी देते हुए उपसंचालक पंचायत श्री राज तिवारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 16वें वित्त आयोग द्वारा दिये गये दिशा निर्देश अनुसार जिला पंचायत क्षेत्र हेतु कार्यों का चयन किया जाना है।शासन द्वारा एल.एस.डी.जी. के नौ थीम निर्धारित किया गया है। जिसमें गरीबी मुक्त पंचायत, स्वस्थ ग्राम, बाल हितैशी पंचायत, पर्याप्त जल युक्त गांव, स्वच्छ एवं हरित गांव, आत्म निर्भर बुनियादी ढांचे वाला गांव, सामाजिक रूप से न्याय संगत एवं सुरक्षित गांव, सुशासन वाला गांव एवं महिला हितैशी गांव शामिल है। तथा अनुदान बाद्धय एवं अबाद्धय के श्रेणी में रखे जाने के संबंध में जानकारी दी गई। बैठक में उपस्थित सदस्य श्री रामकुमार भटट, श्री विरेन्द्र साहू, शश्रीमती दीपा धुर्वे एवं अन्य सदस्यों ने अपने क्षेत्र से जुड़े शिक्षा स्वास्थ पेयजल सिंचाई सुविधाओं हेतु जल आपूर्ति, खाद्य बीज का भण्डारण एवं वितरण से संबंधित जानकारी पुछी, जिस पर विभागों द्वारा यथा स्थिति से अवगत कराया गया। सीईओं श्री अभिषेक अग्रवाल ने सभी विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिला पंचायत सदस्यों द्वारा सदन में उठाए गए विषयों का समय सीमा में निराकरण करते हुए पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की बैठक में जिला पंचायत के आय-व्यय एवं समाज कल्याण विभाग के कार्यो की हुई समीक्षा
सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की बैठक में जिला पंचायत के त्रैमासिक आय-व्यय एवं समाज कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। लेखा अधिकारी जिला पंचायत द्वारा स्थायी समिति को पंचायत निधि मद से किये जा रहे विभिन्न कार्यों की सम्पूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान विभिन्न मदों में होने वाले आय एवं व्यय का विवरण स्थायी समिति के समक्ष रखा गया। उपसंचालक समाज कल्याण विभाग द्वारा केन्द्रीय पेंशन योजना एवं राज्य पेंशन योजना के लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी दी गई। स्थायी समिति को बताया गया कि जिले में सभी 07 पेंशन योजनाओं को मिलाकर कुल 84,114 हितग्राही लाभान्वित हो रहे है। तथा माह जून कि स्थिति में 1 करोड़ 43 लाख रूपये से अधिक का भुगतान विभिन्न पेंशन स्कीम में राज्य शासन द्वारा सीधे हितग्राहियो के खाते में अंतरित की गई है। निःशक्त छात्रवृत्ती, निःशक्त विवाह योजना, कृत्रिम अंग सहायक योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी सामान्य प्रशासन स्थायी समिति के समक्ष रखा गया।




