कवर्धा

कबीरधाम,,,,,मदनपुर में पुलिस जन चौपाल — ग्रामीणों से सीधा संवाद, सुरक्षा एवं शांति से जुड़े मुद्दों पर पुलिस ने सुनी जनसमस्याएं

मदनपुर में पुलिस जन चौपाल — ग्रामीणों से सीधा संवाद, सुरक्षा एवं शांति से जुड़े मुद्दों पर पुलिस ने सुनी जनसमस्याएं

ग्रामीणों से मिली स्थानीय समस्याओं एवं क्षेत्रीय सुरक्षा संबंधी जानकारी, पुलिस अधिकारियों ने त्वरित समाधान का दिलाया भरोसा

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में थाना पंडरिया क्षेत्र के ग्राम मदनपुर में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए गांव की सुरक्षा व्यवस्था, स्थानीय समस्याओं तथा क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया श्री भूपत सिंह एवं थाना प्रभारी निरीक्षक श्री अजय सिन्हा उपस्थित रहे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल ने ग्रामीणों से कहा कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस और आमजन के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके।

जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र की विभिन्न स्थानीय समस्याओं एवं सुरक्षा से संबंधित विषयों की जानकारी पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखी गई। इसी क्रम में कुछ स्थानों पर अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की सूचना भी सामने आई, जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल द्वारा थाना प्रभारी निरीक्षक श्री अजय सिन्हा को सूचना का सत्यापन कर नियमानुसार तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने तथा क्षेत्र में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

यातायात नियमों के पालन के प्रति किया गया जागरूक
जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों को यातायात नियमों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के संबंध में जागरूक किया गया। ग्रामीणों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

साइबर अपराधों से बचाव के लिए दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
ग्रामीणों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस द्वारा बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयर करने अथवा किसी अज्ञात एप्लीकेशन को डाउनलोड करने से बचें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा पुलिस को सूचना देने के संबंध में जानकारी दी गई।

आपातकालीन स्थिति में डायल-112 की सुविधा की दी गई जानकारी
ग्रामीणों को किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए कबीरधाम पुलिस के डायल-112 की सुविधा के संबंध में जानकारी दी गई। दुर्घटना, विवाद, संदिग्ध गतिविधि, महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी समस्या अथवा किसी अन्य आपातकालीन परिस्थिति में बिना विलंब डायल-112 पर सूचना साझा करने की जानकारी दी गई, ताकि पुलिस द्वारा समय पर आवश्यक सहायता एवं कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

“बिना भय दें सूचना, पुलिस रखेगी पहचान गोपनीय”
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध, आपराधिक अथवा असामाजिक गतिविधि की जानकारी बिना भय एवं संकोच के पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी, जिससे आमजन निर्भीक होकर पुलिस का सहयोग कर सकें।

पुलिस जन चौपाल के माध्यम से कबीरधाम पुलिस द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं एवं सुझावों को सीधे सुनने, स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा पुलिस एवं आमजन के बीच निरंतर बेहतर संवाद एवं विश्वास स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस एवं जनता के आपसी सहयोग से क्षेत्र में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना कबीरधाम पुलिस की प्राथमिकता है।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!