क़बीरधाम,,,,,सुदूर वनांचल के गांवों तक पहुंच रही विकास की सड़क, डेंगुरजाम से अमानिया तक बन रही 3.20 किलोमीटर लंबी सीसी सड़क

5 करोड़ 72 लाख 15 हजार रुपये की लागत से हो रहा 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण
सैकड़ों बैगा परिवारों सहित ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन की सुविधा
कवर्धा, 19 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कबीरधाम जिले के ग्रामीण एवं सुदूर वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सड़क अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग द्वारा जिले के दुर्गम वनांचल क्षेत्र डेंगुरजाम से अमानिया तक 5 करोड़ 72 लाख 15 हजार रुपये की लागत से 3.20 किलोमीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण से वनांचल के ग्राम दमगढ़, अमानिया, बांगर, बाहपानी एवं नेउर सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों बैगा परिवारों और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव तथा पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा के विशेष प्रयासों से क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सड़क बनने से वर्षों से आवागमन की समस्या से जूझ रहे वनांचल के ग्रामीणों को राहत मिलेगी। साथ ही दैनिक उपयोग की सामग्री, कृषि उपज एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में सुविधा होगी। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तथा बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी सहूलियत मिलेगी।
पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के नए अवसरों तक पहुंचने का माध्यम भी हैं। डेंगुरजाम से अमानिया तक सड़क निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के बैगा जनजाति परिवारों सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। सड़क निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। वर्षों से बेहतर सड़क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों को अब अपने गांव तक पक्की सड़क की सुविधा मिलने जा रही है।
सड़क बनने से आसान होगा ग्रामीणों का जीवन
ग्राम डेंगुरजाम निवासी श्री टीकाराम बैगा ने बताया कि पहले गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। दैनिक उपयोग की सामग्री लाने के लिए सामान कंधे पर ढोकर गांव तक लाना पड़ता था। अब गांव में सड़क निर्माण प्रारंभ हो गया है। सड़क बन जाने से सामान लाने-ले जाने में काफी सुविधा होगी और आवागमन भी आसान हो जाएगा।
इसी तरह ग्राम अमानिया निवासी श्री रतिराम भट्ट ने बताया कि पहले अमानिया से डेंगुरजाम तक सीधा सड़क मार्ग नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने के लिए लगभग 12 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था। विशेषकर जनजातीय बैगा परिवारों को दैनिक उपयोग की सामग्री लाने और ले जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सड़क निर्माण पूरा होने से दूरी और समय दोनों की बचत होगी तथा ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।




