कवर्धा

क़बीरधाम,,,,,,,,,,,भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस पर नगर पालिका कवर्धा में लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी

विभाजन की पीड़ा को स्मरण कर शहीदों एवं दिवंगतजनों को दी गई श्रद्धांजलि

कवर्धा-भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस के अवसर पर आज नगर पालिका परिषद कवर्धा परिसर में विभाजन की घटनाओं एवं उससे जुड़ी मानवीय त्रासदी को प्रदर्शित करती छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने किया। इस अवसर पर भारत विभाजन की विभीषिका में अपने प्राण गंवाने वाले सभी दिवंगतजनों की पावन स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि भारत विभाजन देश के इतिहास की सबसे पीड़ादायक घटनाओं में से एक है। लाखों लोगों ने अपने परिवार, घर-बार और आजीविका खो दी तथा असंख्य निर्दोष लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी। भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस हमें उन सभी पीड़ितों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर प्रदान करता है। यह दिवस हमें सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को इतिहास की इन घटनाओं से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि वे विभाजन की पीड़ा को समझते हुए राष्ट्र की अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी सौहार्द की रक्षा के प्रति सदैव सजग रहें। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी में प्रदर्शित छायाचित्रों एवं ऐतिहासिक तथ्यों के माध्यम से भारत विभाजन के समय उत्पन्न परिस्थितियों, विस्थापन, संघर्ष तथा लाखों परिवारों की वेदना को दर्शाया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभाजन की त्रासदी से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर योगेश चंद्रवंशी, हरीश साहू, गोलू यादव, सचिन अग्रवाल, सुचित बोथरा, सीएमओं नारायण साहू सहित अधिक संख्या में अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित थे।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!