क़बीरधाम,,,,,सरदार पटेल की जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, विद्यार्थियों ने मिनी मैराथन में लिया उत्साहपूर्वक भाग

माय भारत के तत्वावधान में कोको स्कूल में आयोजित हुआ कार्यक्रम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं नशामुक्ति का दिलाया गया संकल्प
कवर्धा, 31 अक्टूबर 2026। भारत के लौह पुरुष एवं देश की एकता और अखंडता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर माय भारत, जिला कवर्धा के तत्वावधान में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, कोको में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं माय भारत के स्वयंसेवकों ने सहभागिता निभाते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाला विकास समिति के श्री जलेश चन्द्रवंशी एवं समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय के प्राचार्य श्री कुमार राम साहू, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं माय भारत के स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन एवं योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने तथा देश की एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय एकता एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एकता, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर माय भारत के स्वयंसेवकों ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर उनके सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। आयोजन में माय भारत कवर्धा के स्वयंसेवक श्री पंकज चन्द्रवंशी, श्री ओमप्रकाश साहू एवं श्री सुनील चन्द्रवंशी की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण तथा युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।




