क़बीरधाम,,,,,रामा गौशाला में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ

हर रविवार सुबह 6 से 7 बजे तक चलेगा अभियान, नगरवासियों, गौप्रेमियों और सभी समाजों से सहभागिता की अपील
बोड़ला। रामा गौशाला में स्वच्छता, सेवा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत 4 अक्टूबर 2026 से की गई है। इसके तहत अब प्रत्येक रविवार सुबह 6 बजे से 7 बजे तक रामा गौशाला परिसर में सामूहिक रूप से साफ-सफाई की जाएगी।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर गौशाला परिसर में बड़ी संख्या में युवा, बच्चे, गौसेवक और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोग पहुंचे। सभी ने मिलकर परिसर की झाड़ियों, घास-फूस और अनावश्यक वनस्पतियों की सफाई की। सफाई के दौरान बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और गोवंश के बछड़ों के साथ दुलार एवं स्नेह का भाव प्रदर्शित किया।
“गौ सेवा के साथ प्रकृति और सनातन संस्कृति से जुड़ना है”
रामा गौशाला के स्वच्छता प्रमुख सोहन यादव ने कहा कि गौशाला केवल गोवंश के संरक्षण का स्थान नहीं, बल्कि सेवा, प्रकृति और संस्कारों से जुड़ने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक नगरवासी गौशाला से जुड़ें और नियमित रूप से यहां अपना समय देकर सेवा कार्य में भागीदारी करें।
उन्होंने कहा, “रामा गौशाला में गौसेवा के साथ-साथ प्रकृति और सनातन धर्म से जुड़ने का अवसर मिलता है। स्वच्छ वातावरण गोवंश के स्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक है। इसलिए प्रत्येक रविवार एक घंटे का समय गौशाला की स्वच्छता और सेवा के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया गया है।”
नगरवासियों और सभी समाजों से जुड़ने की अपील
सोहन यादव ने नगर के सभी नागरिकों, युवाओं, बच्चों, महिलाओं, गौप्रेमियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजों से अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि गौशाला किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के सामूहिक सहयोग से ही गोसेवा और गौशाला को मजबूत बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि रविवार की सुबह का एक घंटा यदि प्रत्येक व्यक्ति गौशाला की सेवा में देता है तो इससे परिसर की नियमित साफ-सफाई के साथ-साथ समाज में सेवा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
बच्चों में भी दिखा उत्साह
अभियान के दौरान बच्चों ने विशेष उत्साह दिखाया। सफाई कार्य के बीच बच्चों ने गौशाला में मौजूद बछड़ों के साथ समय बिताया और उन्हें दुलार किया। आयोजकों ने कहा कि बच्चों को गोवंश के प्रति प्रेम, करुणा और जिम्मेदारी का संस्कार देना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
इनकी रही प्रमुख सहभागिता
स्वच्छता अभियान के शुभारंभ अवसर पर मेघानंद शास्त्री जी, ओम प्रकाश शर्मा जी, श्रीनिवास मिश्र जी, वीरेंद्र राजपूत जी, सागर श्रीवास्तव, सुनील केशरवानी, बड़कू यादव, हीरा यादव, फलित यादव,सहित अनेक गौसेवक, युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान करते हुए गौशाला परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में योगदान दिया।
रामा गौशाला प्रबंधन की ओर से कहा गया कि यह अभियान अब प्रत्येक रविवार सुबह 6 से 7 बजे तक निरंतर जारी रहेगा। गौशाला से जुड़े लोगों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने व्यस्त समय में से केवल एक घंटा निकालकर इस सेवा अभियान में शामिल हों और “स्वच्छ गौशाला—स्वस्थ गोवंश—स्वच्छ पर्यावरण” के संकल्प को मजबूत करें।







