कवर्धा

कबीरधाम,,,,,स्वामी विवेकानंद एकेडमी के प्रशिक्षणार्थियों ने दौड़ में दिखाया दमखम।

स्वामी विवेकानंद एकेडमी के प्रशिक्षणार्थियों ने दौड़ में दिखाया दमखम।

10 किलोमीटर रोड रनिंग के बाद बालकों की 1500 मीटर एवं बालिकाओं की 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित।

कबीरधाम जिला के पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा स्वामी विवेकानंद एकेडमी का संचालन किया जा रहा है। एकेडमी के माध्यम से कबीरधाम जिले सहित अन्य जिलों के ऐसे बेरोजगार युवक-युवतियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जो पुलिस भर्ती, आर्मी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सब-इंस्पेक्टर सहित अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती की तैयारी करना चाहते हैं।

एकेडमी में प्रशिक्षणार्थियों को इंडोर एवं आउटडोर गतिविधियों के माध्यम से शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है, ताकि युवा अपनी क्षमता को बेहतर तरीके से विकसित कर भर्ती परीक्षाओं में सफलता के लिए स्वयं को तैयार कर सकें।

इसी क्रम में आज प्रातः प्रशिक्षणार्थियों द्वारा 10 किलोमीटर रोड रनिंग की गई। इसके पश्चात स्वामी कालपात्री ग्राउंड में बालकों के लिए 1500 मीटर तथा बालिकाओं के लिए 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी शारीरिक दक्षता और प्रतिस्पर्धी भावना का प्रदर्शन किया।

बालक वर्ग में शोभित धुर्वे ने प्रथम, यशवंत साहू ने द्वितीय, निखिल ने तृतीय तथा धनेश्वर साहू ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में नीमा धुर्वे ने प्रथम, हेमलता पोर्ते ने द्वितीय, पूजा पटेल ने तृतीय तथा रानू खुसरो ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेताओं को पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (अजाक/क्राइम) श्री प्रशांत देवांगन द्वारा नगद पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

स्वामी विवेकानंद एकेडमी के प्रशिक्षक श्री दशरथ साहू एवं सुश्री रीना शर्मा द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को नियमित रूप से शारीरिक दक्षता एवं भर्ती परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। कबीरधाम पुलिस की यह पहल युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा पुलिस एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में रोजगार के अवसरों के लिए उन्हें तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!