कवर्धा

क़बीरधाम,,,,नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं की भागीदारी आवश्यक: पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह

नशामुक्त भारत के संकल्प को मिली नई ऊर्जा, युवाओं ने लिया स्वस्थ एवं जागरूक समाज निर्माण का प्रण

कबीरधाम पुलिस एवं समाज कल्याण विभाग की संयुक्त पहल, उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

कवर्धा, 25 जून 2026। कबीरधाम जिले में नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कबीरधाम पुलिस एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी करपात्री जी स्टेडियम, कवर्धा में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह छवई (आईपीएस) रहे। कार्यक्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती अभिलाषा पांडा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु जन-जागरूकता विकसित करना था। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बालक एवं बालिका वर्ग की विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बालक वर्ग में 800 मीटर एवं 100 मीटर दौड़, जबकि बालिका वर्ग में 400 मीटर एवं 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेताओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं तथा खेलों के माध्यम से स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह छवई ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं सकारात्मक गतिविधियों में लगाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध जनभागीदारी ही इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह द्वारा स्वामी विवेकानंद अकादमी के फिजिकल प्रशिक्षक आरक्षक दशरथ साहू एवं महिला सैनिक सुश्री रीना शर्मा को उनके उत्कृष्ट प्रशिक्षण, अनुशासन एवं युवाओं के शारीरिक विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए शील्ड एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने दोनों प्रशिक्षकों के समर्पण एवं कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को सही दिशा देने में प्रशिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस विभाग के प्रधान आरक्षक घनाराम सिन्हा, स्वामी विवेकानंद अकादमी के अभ्यर्थी, फिजिकल प्रशिक्षक आरक्षक दशरथ साहू, महिला सैनिक सुश्री रीना शर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त भारत एवं स्वस्थ समाज निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थितजनों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!