क़बीरधाम,,,,हाथियों की निगरानी एवं ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग सतर्क, ड्रोन कैमरे से रखी जा रही नजर; हाथी प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मिलेगा मुआवजा

सामान्य वनमंडल कवर्धा अंतर्गत विभिन्न वन क्षेत्रों में हाथियों की उपस्थिति एवं विचरण को दृष्टिगत रखते हुए वन विभाग द्वारा ग्रामीणों की सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण तथा जन-जागरूकता के लिए लगातार आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। वन अमले द्वारा नियमित गश्त, ड्रोन कैमरे के माध्यम से निगरानी तथा प्रभावित एवं सीमावर्ती ग्रामों के ग्रामीणों को सतर्क करने की कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में आज दिनांक 24.11.2026 को मोहनपुर सर्किल के परिसर बामी में सहायक परिक्षेत्र अधिकारी एवं समस्त मैदानी कर्मचारियों द्वारा बीट गश्त की गई। इस दौरान अवैध कटाई की रोकथाम एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के उद्देश्य से वन क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।
हाथियों द्वारा ग्राम क्षेत्र में केहर बैगा एवं जोगसिंह बैगा के मकानों को पहुंचाई गई क्षति का वन अमले द्वारा मौके पर निरीक्षण कर क्षति का आकलन एवं पंचनामा तैयार किया गया। संबंधित कर्मचारियों को प्रभावित परिवारों के मुआवजा प्रकरण तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शासन के नियमानुसार समय पर मुआवजा भुगतान की कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त ग्राम दियाबार, घोंघा, छपरी, चौरा एवं थूहापानी के ग्रामीणों को हाथियों के विचरण की जानकारी देकर सतर्क रहने एवं जंगल की ओर नहीं जाने की समझाइश दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से भी लोगों को हाथियों की उपस्थिति के संबंध में सूचित कर आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की जा रही है।
हाथियों की उपस्थिति एवं विचरण की जानकारी के अनुसार, दिनांक 24.11.2026 की मध्य रात्रि में कवर्धा परिक्षेत्र के बोड़ला सर्किल अंतर्गत बीट आर.एफ. 65, ग्राम छिन्दा क्षेत्र में 01 हाथी की उपस्थिति दर्ज की गई। उक्त क्षेत्र में फसल एवं मकान क्षति तथा जनहानि की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
वहीं दिनांक 23.11.2026 की मध्य रात्रि में तरेगांव परिक्षेत्र के दलदली सर्किल अंतर्गत धनवाही बीट में 04 हाथियों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। इस दौरान 07 कृषकों की फसलों एवं 04 मकानों को क्षति पहुंचने की जानकारी प्राप्त हुई है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। उक्त हाथियों का विचरण फेन अभयारण्य, मध्यप्रदेश की ओर बताया गया है। प्रभावित फसलों एवं मकानों की क्षति का नियमानुसार मूल्यांकन कर शासन के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी।
वन विभाग द्वारा हाथियों की गतिविधियों एवं विचरण वाले क्षेत्रों पर मैदानी कर्मचारियों के माध्यम से नियमित गश्त एवं प्रत्यक्ष निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही मैदानी कर्मचारियों द्वारा ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी हाथियों की उपस्थिति एवं गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीणों से निरंतर संपर्क स्थापित कर हाथियों के विचरण की जानकारी समय पर साझा की जा रही है, ताकि ग्रामीणों को सतर्क किया जा सके तथा किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को कम किया जा सके।
वन विभाग द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि हाथियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर जंगल एवं हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। हाथियों के नजदीक जाने, उन्हें छेड़ने, फोटो अथवा वीडियो बनाने के लिए उनका पीछा करने तथा उन्हें भगाने का प्रयास न करें। हाथियों की उपस्थिति की सूचना तत्काल वन विभाग को दें तथा वन अमले द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।




