कवर्धा

क़बीरधाम,,,,सामाजिक अंकेक्षण ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों का सशक्त हथियार- डॉ. जीतेन्द्र कुमार सिंगरौल

संचालक ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

कवर्धा, 15 जून 2026। सामाजिक अंकेक्षण इकाई के संचालक डॉ. जीतेन्द्र कुमार सिंगरौल ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बम्हनी के टोला में महात्मा गांधी नरेगा योजना में सामाजिक अंकेक्षण के दौरान ग्रामीण मजदूरों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही पर जानकारी ली। ग्रामीणों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करने के लिए उनका ज्ञानवर्धन किया। डॉ. सिंगरौल ने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण ग्रामीण मजदूरों के हाथ में एक प्रभावी और सशक्त हथियार है, जिसके द्वारा सुनिश्चित किया जा सकता है कि योजनाओं के लिए स्वीकृत धनराशि का उपयोग निर्धारित कार्यों में सही हुआ है अथवा नहीं। सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया में मजदूरों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी ग्राम सभाओं को अधिक सशक्त बनाता है तथा लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करता है।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का उद्देश्य केवल परिसंपत्तियों का निर्माण करना नहीं है, बल्कि ऐसी स्थायी परिसंपत्तियाँ विकसित करना है जिनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को प्राप्त हो। डबरी निर्माण, तालाब गहरीकरण एवं अन्य जल संरक्षण संबंधी कार्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ भू-जल स्तर को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डॉ. सिंगरौल ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन से जुड़े कार्यों को गंभीरता और ईमानदारी से करें। उन्होंने कहा कि यदि आज जल संरक्षण के कार्य प्रभावी ढंग से किए जाएंगे, तो भविष्य की पीढ़ियों को जल संकट जैसी गंभीर समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि गांवों और टोलों में जाकर मजदूरों से सीधे संवाद करना इस बात का प्रमाण है कि सामाजिक अंकेक्षण केवल कागजी आंकड़ों तक सीमित प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों को उनके अधिकारों, योजनाओं की उपयोगिता तथा विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराने का एक सशक्त माध्यम है। भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक के साथ सामाजिक अंकेक्षण इकाई के जिला प्रभारी श्री दुर्गेश कुमार यादव, ब्लॉक सामाजिक अंकेक्षण प्रदाता श्री विनोद साहू, ग्राम सामाजिक अंकेक्षक संजय चंद्रवंशी, सुलोचनी कश्यप व नीलम पटेल के साथ ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!