क़बीरधाम,,,,,दीपावली पर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर ग्रामीण महिलाओं के हुनर को दें बढ़ावा

’सरदार पटेल मैदान कवर्धा में स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने लगाए स्वनिर्मित उत्पादों के स्टॉल, सभी से स्थानीय उत्पाद अपनाने की अपील
कवर्धा 04 नवंबर 2026। दीपावली के पावन पर्व पर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से सरदार पटेल मैदान कवर्धा में बिहान स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों में दीदियों के हुनर, मेहनत और रचनात्मकता से तैयार दीपक, सजावटी सामग्री, पूजा सामग्री, मिठाइयां, खाद्य पदार्थ एवं विभिन्न प्रकार के हस्तनिर्मित उत्पाद उपलब्ध हैं।
जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों सहित आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस दीपावली पर स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें और स्व-सहायता समूहों की दीदियों से खरीदारी कर उनके उद्यमों को प्रोत्साहित करें। बिहान समूह की महिलाएं अपनी मेहनत, कौशल और लगन से विभिन्न उत्पाद तैयार कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। ऐसे में उनके उत्पादों की खरीदारी से न केवल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
दीपावली के इस पर्व पर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर ग्रामीण महिलाओं के सपनों को साकार करने में सहभागी बनने की अपील की गई है। साथ ही सभी से स्वदेशी अपनाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला उद्यमियों के हुनर को सम्मान देने का आह्वान किया गया है।



