कवर्धा

कबीरधाम पुलिस का साइबर जागृति अभियान जारी

स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव एवं महिला सुरक्षा की दी गई जानकारी

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति” अभियान के तहत आज दिनांक 21 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

महिला थाना द्वारा शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, कवर्धा में छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं उससे बचाव, साइबर हेल्पलाइन 1930, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, गुड टच-बैड टच, अभिव्यक्ति ऐप एवं यातायात नियमों के संबंध में जानकारी दी गई। शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों को भी महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।

इसी क्रम में थाना कुंण्डा पुलिस टीम द्वारा ग्राम महका स्थित श्री रामकृष्णा पब्लिक स्कूल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लगभग 150 छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड, OTP, PIN, पासवर्ड, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत करने की जानकारी दी गई।

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बाजार चारभाठा में भी कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड, फर्जी कॉल एवं लिंक, फेक वेबसाइट, सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन गेमिंग एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। विद्यार्थियों को अनजान व्यक्तियों से संपर्क न करने, निजी फोटो/जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से होने वाले खतरों के प्रति सचेत किया गया।

इसी प्रकार चौकी रणबीरपुर क्षेत्र अंतर्गत हायर सेकेंडरी स्कूल रणबीरपुर में भी साइबर जागृति कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

कबीरधाम पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि OTP, PIN, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराध से सुरक्षित एवं जिम्मेदार बनाना है।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!