कवर्धा

क़बीरधाम,,,,,श्रावण मास कांवड़ यात्रा : श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए कबीरधाम पुलिस का व्यापक सुरक्षा कवच — 500 से अधिक पुलिस बल, 08 सेक्टर पेट्रोलिंग, 08 चेक पोस्ट, ड्रोन एवं सी.सी.टी.वी. से होगी निगरानी”

श्रावण मास के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए भोरमदेव, डोंगरिया एवं बुढ़ामहादेव धाम की ओर बड़ी संख्या में आने वाले कांवड़ यात्रियों एवं पदयात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा पूरे श्रावण मास के दौरान व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, निगरानी, ट्रैफिक नियंत्रण तथा आवश्यक जनसुविधाओं के लिए विस्तृत कार्ययोजना लागू की गई है।

पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज राजनांदगांव श्री अजय यादव के कुशल निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में संपूर्ण यात्रा मार्ग पर 500 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, होमगार्ड जवान एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। सभी संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं प्रमुख मंदिर मार्गों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कुल 8 सेक्टर पेट्रोलिंग वाहन लगातार यात्रा मार्गों पर गश्त करेंगे। साथ ही विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं प्रवेश बिंदुओं पर 08 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां पुलिस द्वारा सतत निगरानी एवं सुरक्षा जांच की जाएगी। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगा।

यात्रा मार्गों पर आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया जाएगा। ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संपूर्ण यात्रा मार्ग की निरंतर निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए यात्रा मार्गों का चिन्हांकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। श्रावण मास के प्रत्येक रविवार एवं सोमवार को भोरमदेव रोड पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जिससे कांवड़ यात्रियों एवं पदयात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम मार्ग उपलब्ध हो सके। इस दौरान वाहनों को पूर्व निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त अंधे मोड़ों, ढलानों, चढ़ाई वाले क्षेत्रों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष ट्रैफिक पिकेट स्थापित किए गए हैं। आवश्यकता अनुसार भारी वाहनों के आवागमन पर भी अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाएगा। श्रद्धालुओं से सड़क के किनारे चलने का आग्रह किया गया है, जिससे सामने से आने वाले वाहनों को आसानी से देखा जा सके एवं सड़क दुर्घटनाओं की संभावना न्यूनतम रहे।

श्रावण मास के प्रथम सोमवार (03 अगस्त) को विशेष भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुबह से ही पुलिस अधिकारी एवं जवान यात्रा मार्गों पर सक्रिय रहेंगे तथा ट्रैफिक नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, मार्गदर्शन एवं आपातकालीन सहायता की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल ने समस्त श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान यातायात नियमों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, दुर्घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें।

कबीरधाम पुलिस संपूर्ण श्रावण मास के दौरान सेवा, सुरक्षा एवं समर्पण की भावना के साथ प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!