क़बीरधाम,,,,,उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मिलेगा सम्मान और प्रोत्साहन।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मिलेगा सम्मान और प्रोत्साहन।
पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव की अभिनव पहल “कॉप ऑफ द मंथ”।
सितंबर माह के लिए आरक्षक संदीप शुक्ला एवं आरक्षक सुनील मेरावी चयनित।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव की अभिनव एवं प्रेरणादायी पहल “कॉप ऑफ द मंथ” के माध्यम से जिले में उत्कृष्ट, सराहनीय एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रतिमाह सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों को पहचान प्रदान करते हुए उनका मनोबल बढ़ाना तथा अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना है।
इसी क्रम में सितंबर 2026 माह के लिए कबीरधाम पुलिस द्वारा दो पुलिसकर्मियों का चयन “कॉप ऑफ द मंथ” के रूप में किया गया है।
आरक्षक क्रमांक 509 संदीप शुक्ला, साइबर थाना कबीरधाम ने थाना सहसपुर लोहारा क्षेत्र के अज्ञात हत्या प्रकरण एवं लालपुर अज्ञात हत्या प्रकरण के निराकरण में महत्वपूर्ण एवं उल्लेखनीय योगदान दिया। गंभीर एवं चुनौतीपूर्ण प्रकरणों के निराकरण में उनकी सक्रिय भूमिका, तकनीकी सहयोग एवं समर्पित कार्यशैली सराहनीय रही।
इसी प्रकार आरक्षक क्रमांक 472 सुनील मेरावी, थाना चिल्फी ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के परिवहन के विरुद्ध की गई प्रभावी कार्रवाई में विशेष एवं महत्वपूर्ण योगदान दिया। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई में उनकी सक्रियता एवं सराहनीय भूमिका को देखते हुए उन्हें भी “कॉप ऑफ द मंथ” के लिए चयनित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव की यह अभिनव पहल पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा, सजगता एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित कर रही है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मान एवं पहचान मिलने से जहां पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा, वहीं आमजन को बेहतर, संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।
कबीरधाम पुलिस द्वारा भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसी प्रकार प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाता रहेगा।




