कवर्धा

क़बीरधाम,,,धान खरीदी से पहले जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 86.40 क्विंटल धान जब्त

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर खाद्य विभाग एवं मंडी समिति की संयुक्त कार्रवाई, 5 प्रकरण दर्ज

कवर्धा, 28 अक्टूबर 2026। आगामी धान खरीदी के मद्देनजर जिले में अवैध रूप से धान के व्यापार एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर खाद्य विभाग तथा मंडी समिति द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों से कुल 216 बोरी धान, जिसका कुल वजन 86.40 क्विंटल है, जब्त किया गया है। इस मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कुल 5 प्रकरण निर्मित किए गए हैं।

खाद्य अधिकारी श्री चंद्रशेखर देवांगन ने बताया कि जिले में धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले अवैध धान व्यापार के विरुद्ध यह पहली कार्रवाई है। जिला प्रशासन द्वारा धान के अवैध व्यापार, अनियमित भंडारण एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि धान खरीदी व्यवस्था पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित हो सके। खाद्य विभाग एवं मंडी समिति की संयुक्त टीम द्वारा जिले के ग्राम उड़िया कला, बिडोरा, कल्याणपुर,भागुटोला और तरेगांव जंगल इन पांचों स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल 216 बोरी धान जब्त किया गया तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार 5 प्रकरण दर्ज किए गए।

इन स्थानों पर की गई कार्रवाई

खाद्य विभाग एवं मंडी बोर्ड की संयुक्त टीम द्वारा कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अनिकृत रूप से रखे धान का रोकथाम के लिए कार्यवाही की गई। जिसमें बजरंगबली ट्रेडर्स, उड़ियाकला, सहसपुर लोहारा से कुल 60 बोरी मात्रा 24 क्विंटल, श्री भोजराम पटेल बिड़ौरा से कुल 40 बोरी मात्रा 16 क्विंटल, श्री पेखन साहू, कल्याणपुर से कुल 55 बोरी मात्रा 22 क्विंटल, परमात्मा ट्रेडर्स, भागूटोला से कुल 50 बोरी मात्रा 20 क्विंटल एवं श्री अजय नाग तरेगांव जंगल से कुल 11 बोरी 4.40 क्विंटल। इस प्रकार कुल 05 प्रकरणों में कुल 216 बोरी में 86.40 क्विंटल धान जप्त कर मंडी अधिनियम के तहत् प्रकरण दर्ज किया जाकर आगामी कार्यवाही किया जा रहा है।

धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने प्रशासन सक्रिय

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आगामी धान खरीदी को ध्यान में रखते हुए अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप संचालित करना है। धान खरीदी से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने तथा अवैध व्यापार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!