कवर्धा

क़बीरधाम,,,,,नाबालिग बालिका अपहरण एवं दुष्कर्म प्रकरण में कबीरधाम पुलिस की कार्यवाही, आरोपी गिरफ्तार एवं पीड़िता सकुशल बरामद

कबीरधाम पुलिस द्वारा नाबालिग बालिका के अपहरण एवं दुष्कर्म जैसे गंभीर प्रकरण में त्वरित, सुनियोजित एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़िता को सकुशल बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र बघेल एवं श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी श्री आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली कवर्धा के थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप के नेतृत्व में टीम गठित कर सुनियोजित कार्रवाई की गई।

प्रकरण में प्रार्थी द्वारा थाना कोतवाली कवर्धा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री दिनांक 22.06.2025 की रात्रि घर से बिना बताए लापता हो गई है। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 269/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर गंभीरता से विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान सायबर सेल कबीरधाम की सहायता से संदेही के मोबाइल नंबर का सीडीआर एवं लोकेशन विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर पुलिस टीम को जिला बलौदाबाजार के थाना पलारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमेरा रवाना किया गया। टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए दिनांक 21.04.2026 को पीड़िता को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद किया गया।

पीड़िता के कथन एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 64(2)(एम), 65(1) बीएनएस एवं 06 पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें डॉक्टर द्वारा लगभग 07 सप्ताह 03 दिन का गर्भ होना परिलक्षित किया गया है तथा डीएनए परीक्षण की अनुशंसा की गई है।

आरोपी दीनानाथ साहू उर्फ दीनू उर्फ दिनेष, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम कुची, थाना गिद्धपुरी, जिला बलौदाबाजार को दिनांक 22.04.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध करना स्वीकार किया गया है।

आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड हेतु अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

कबीरधाम पुलिस द्वारा महिला एवं बाल अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत सख्त एवं निरंतर कार्यवाही जारी है। आमजन से अपील की जाती है कि ऐसे मामलों में तत्काल पुलिस को सूचना प्रदान करें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!