कवर्धा

क़बीरधाम,,,,,शिक्षक दिवस पर पुलिस कप्तान ने बढ़ाया गुरुजनों का मान, पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने शिक्षकों को श्रीफल, शाल एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर किया सम्मानित।

शिक्षक समाज के भविष्य निर्माता हैं, जो अपने ज्ञान, संस्कार और समर्पण से बच्चों के जीवन को नई दिशा प्रदान करते हैं। इसी भावना के साथ आज शिक्षक दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कबीरधाम में कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित अस्थायी स्कूलों में निस्वार्थ एवं सेवा भाव से बच्चों को शिक्षा प्रदान कर रहे शिक्षकों को आमंत्रित कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन, जिनकी जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया जाता है, के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए किया गया। इस दौरान उनके शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया गया।

इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) द्वारा आमंत्रित सभी शिक्षकों का स्वागत करते हुए उन्हें श्रीफल, शाल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी शिक्षकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके समर्पण, सेवाभाव एवं शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।

निस्वार्थ सेवा से बच्चों के भविष्य को दे रहे नई दिशा
कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित अस्थायी स्कूलों में इन शिक्षकों द्वारा बच्चों को शिक्षा प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। शिक्षकों द्वारा सीमित संसाधनों के बीच भी निस्वार्थ भावना और सेवा समर्पण के साथ बच्चों को शिक्षा से जोड़ने तथा उनके भविष्य को बेहतर बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि बच्चों को शिक्षा देना केवल उन्हें पढ़ना-लिखना सिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करने का कार्य है। शिक्षकों द्वारा जिस सेवा भावना के साथ बच्चों को शिक्षित किया जा रहा है, वह निश्चित रूप से सराहनीय एवं अनुकरणीय है।

उन्होंने कहा कि कबीरधाम पुलिस कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। इस कार्य में शिक्षकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इन शिक्षकों को किया गया सम्मानित
कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित अस्थायी स्कूलों में निस्वार्थ भाव से बच्चों को शिक्षा प्रदान करने वाले श्री सतपाल तलवरे, श्री राजू धुर्वे, श्री सुखसिंह, श्री तिलियाबाई, श्री वैसाखिन, श्री कोमल सिंह, श्री नेताम प्रकाश, श्री टेकाम लमिया, श्री मर्सकोले, श्री विजय खूंटे, श्री कुलदीप कुमार मिरावी, श्री अखिल नारायण, श्री धवनीबाई, श्री संतोषी बैगा, श्री नरियारो बैगा, श्री श्रवण सिंह, श्री जगत् खुसरे, श्री मुकेश मस्कोले, श्री सजनू बैगा, श्री दिनेश कुमार, श्री दिलीप कुमार, श्री देवराज मेरावी, श्री तोमेंद्र सिंह, श्री अमृतलाल यादव, श्री केसर मिरावी, श्री चैतू रामधुर्वे, श्री जयराम पोर्ते, श्री धर्म सिंह मिरावी, श्री जगदीश चौधरी एवं श्री सिध्दराम पाटिल को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आमंत्रित कर श्रीफल, शाल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कबीरधाम जिले के पुलिस कप्तान श्री जितेंद्र कुमार यादव द्वारा सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रेरणादायी योगदान की सराहना की गई।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!