कवर्धा

क़बीरधाम,,,,,सुशासन तिहार– कलेक्टर ने पिपरिया तहसील कार्यालय पहुंचकर आवेदन प्रक्रिया का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने नागरिकों से लिए आवेदन, समस्याएं सुनकर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सुशासन तिहार के अंतर्गत 24 अप्रैल तक लिए जाएंगे आवेदन, 1 मई से लगेगा समाधान शिविर

कवर्धा, 23 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप राज्य शासन द्वारा जन शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के लिए सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 22 से 24 अप्रैल तक जिले के सभी तहसील एवं उप तहसील कार्यालयों में आम नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज पिपरिया तहसील कार्यालय पहुंचकर आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा में सभी आवेदनों को लिया जाए तथा उनकी स्क्रूटनी कर समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान कलेक्टर ने आवेदन देने आए हितग्राहियों से स्वयं आवेदन लिए और चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि आवेदनों के निराकरण के बाद शिविर आयोजित कर आवेदकों को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 1 मई से जन समस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे, इसलिए शिविर लगने से पहले सभी आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए मुनादी कराने के निर्देश भी दिए, ताकि हर जरूरतमंद व्यक्ति अपनी समस्या का आवेदन दे सके और उसका त्वरित समाधान प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों की स्क्रूटनी कर संबंधित विभागों को प्रेषित किया जाए तथा उनकी ट्रैकिंग एवं मॉनिटरिंग भी नियमित रूप से की जाए।

कलेक्टर ने नागरिकों से लिए आवेदन, सुनी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने आवेदन देने आए हितग्राहियों से स्वयं आवेदन लिए और चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। सोनपुरी निवासी श्रीमती कुमबती ने खेत के सामने अन्य व्यक्तियों द्वारा निर्माण किए जाने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस प्रकार श्री सुशील साहू ने फौती नामांतरण और खसरा ऑनलाइन कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं श्रीमती सुंदरिया, श्री तीहरी राम और श्रीमती रुक्मणी चंद्रवंशी सहित अन्य ग्रामीणों ने आवास संबंधी आवेदन दिए। इस पर कलेक्टर ने बताया कि पात्रता अनुसार हितग्राहियों को आवास के लिए कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसडीएम कवर्धा श्री चेतन साहू, तहसीलदार श्री प्रमोद चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

सुशासन तिहार के अंतर्गत 24 अप्रैल तक लिए जाएंगे आवेदन

सुशासन तिहार 2026 के तहत भूमि संबंधित प्रकरण जैसे-नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, का निराकरण किया जाएगा। विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का निराकरण, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र के आवेदनों का निष्पादन, बिजली ट्रांसफार्मर संबंधित विषय, हैण्डपंप सुधार, पात्रता अनुसार विभिन्न योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना जैसे उज्जवला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, वृद्धावस्था, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा।

1 मई से आयोजित समस्या निवारण शिविर में आवेदनों के निराकरण की दी जाएगी जानकारी

आगामी 01 मई से 10 जून तक कबीरधाम जिले सुशासन तिहार के तहत समस्या निवारण शिविर का आयोजन होने जा रहा है। इसके पूर्व सुशासन तिहार कार्यक्रम के तहत 24 अप्रैल तक जिले के 8 तहसील व 1 उप तहसील कार्यालय में लोगों से उनकी समस्याओं के संबंध में आवेदन लिए जा रहे है। 25 से 26 अप्रैल तक जनपद पंचायतवार प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी की जाएगी। 27 से 30 अप्रैल आवदेनों का निराकरण किया जाएगा। 01 मई से 10 जून तक जन समस्या का निवारण शिविरों का आयोजन होगा। यह शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 03 बजे तक आयोजित किए जायेंगे। शिविर के दिन आवेदकों को आवेदन के निराकरण से अवगत कराया जाएगा। शिविर स्थल पर विभागों द्वारा शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!