कवर्धा

क़बीरधाम,,,,,बाल विवाह मुक्त कबीरधाम बनाने कलेक्टर की जिलेवासियों से अपील, 27 नवंबर को ग्राम सभाओं और शिक्षण संस्थानों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

बाल विवाह रोकथाम के लिए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और नागरिकों से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान

कवर्धा 25 नवंबर 2026। बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों को प्रभावित करने वाली सामाजिक कुरीति है। इसके पूर्ण उन्मूलन के लिए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न हितधारकों से बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं सामाजिक विकास में बाधा भी है। इसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए भारत सरकार द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान संचालित किया जा रहा है। इन अभियानों का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति का पूर्ण उन्मूलन करना है। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर को बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर जिले में 27 नवंबर 2026 को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने जिलेवासियों से इन कार्यक्रमों में शामिल होकर बाल विवाह नहीं करने और कहीं भी बाल विवाह होने पर उसका विरोध करने की शपथ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है।

बाल विवाह मुक्त जिले का लें संकल्प

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि बच्चों को शिक्षा, सुरक्षित बचपन और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना चाहिए। बाल विवाह रोककर ही उनके बेहतर भविष्य की नींव रखी जा सकती है। उन्होंने सभी जिलेवासियों से एकजुट होकर बाल विवाह के विरुद्ध आवाज उठाने और कबीरधाम जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!