क़बीरधाम,,,,सिकल सेल और थैलेसीमिया पीड़ित 23 बच्चों की हुई निःशुल्क एचएलए जांच, बोन मैरो प्रत्यारोपण की दिशा में पहल

परिजनों के भी लिए गए रक्त के सैंपल, एचएलए मैचिंग के आधार पर निःशुल्क बोन मैरो ट्रांसप्लांट की आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
कवर्धा, 23 नवंबर 2026। सिकल सेल एनीमिया एवं थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अस्पताल कबीरधाम में निःशुल्क एचएलए जांच शिविर का आयोजन किया गया। बाल आयुष फाउंडेशन रायपुर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 23 बच्चों एवं उनके परिजनों के रक्त के सैंपल लिए गए। इन सैंपलों के माध्यम से मरीजों और उनके परिवार के सदस्यों के बीच एचएलए मैचिंग की जांच की जाएगी। जांच में उपयुक्त मिलान पाए जाने पर बच्चों के निःशुल्क बोन मैरो ट्रांसप्लांट की दिशा में आगे की प्रक्रिया की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में बाल आयुष फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर श्री कमल साहू एवं उनकी टीम ने सैंपल संग्रहण का कार्य किया। एकत्रित सैंपलों को आगे की जांच के लिए भेजा जाएगा।
एचएलए मैचिंग से मिलेगी बोन मैरो ट्रांसप्लांट की राह
बाल आयुष फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर कमल साहू ने बताया कि एचएलए जांच के माध्यम से मरीज और संभावित डोनर के बीच टिश्यू मैचिंग की जाती है। इसके लिए परिवार के सदस्यों, विशेषकर भाई-बहनों के सैंपल की जांच महत्वपूर्ण होती है। उपयुक्त एचएलए मैच मिलने पर बोन मैरो ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। इससे सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को उपचार का बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
क्या है एचएलए जांच
एचएलए का पूरा नाम ह्यूमन ल्यूकोसाइट एंटीजन (Human Leukocyte Antigen) है। यह शरीर की कोशिकाओं की सतह पर मौजूद विशेष प्रोटीन होते हैं, जो प्रतिरक्षा प्रणाली को अपनी और बाहरी कोशिकाओं की पहचान करने में मदद करते हैं। बोन मैरो ट्रांसप्लांट के दौरान मरीज और डोनर के बीच इनका मिलान होना महत्वपूर्ण होता है। उचित मिलान से ट्रांसप्लांट के बाद होने वाली जटिलताओं के जोखिम को कम करने में मदद मिलती है।
गंभीर बीमारियों के उपचार में महत्वपूर्ण पहल
सिकल सेल एनीमिया एवं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए बोन मैरो ट्रांसप्लांट एक संभावित उपचार विकल्प है। इसके लिए एचएलए मैचिंग प्रारंभिक और महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। जांच के आधार पर उपयुक्त डोनर की पहचान कर आगे उपचार की योजना बनाई जा सकती है। शिविर में जिले से आकांक्षा लिखार, एनसीडी सलाहकार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की पहचान, जांच और बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।



