कवर्धा

कबीरधाम,,,,,,कैबिनेट मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की

आशीर्वाद का दीया की सफलता पर प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने की सराहना

शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के समन्वय से अभियान को व्यापक और प्रभावी बनाने पर जोर

कवर्धा, 18 सितंबर 2026। कैबिनेट मंत्री एवं कबीरधाम जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने आज विश्राम भवन कवर्धा में आयोजित संयुक्त बैठक में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले एक माह के इस अभियान को शासन, प्रशासन और जनभागीदारी से भव्य, व्यापक एवं प्रभावी स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करना होगा।
प्रभारी मंत्री श्री देवांगन ने अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि कबीरधाम जिले में जनप्रतिनिधियों, शासन-प्रशासन, आम नागरिकों तथा समाज के सभी वर्गों के सहयोग से लाखों की संख्या में दीप प्रज्वलित होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस सफल एवं सराहनीय आयोजन के लिए जिले के जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और समस्त जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं समर्पण की यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण और विकास की भावना को जनभागीदारी से और अधिक मजबूत किया जाना है। बैठक में पूर्व संसदीय सचिव डाॅ. सियाराम साहू, श्री राजेन्द्र चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संतोष पटेल, सभापति श्री रामकुमार भट्ट, श्री विक्की अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी उपस्थित थे।

तिथिवार कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश

प्रभारी मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित तिथिवार कार्ययोजना के अनुरूप सभी कार्यक्रम समय पर आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने दायित्वों का बेहतर समन्वय के साथ निर्वहन सुनिश्चित करे, ताकि अभियान की सभी गतिविधियों का प्रभाव जिले के प्रत्येक क्षेत्र और समाज के सभी वर्गों तक पहुंच सके। उन्होंने अभियान के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी किसी भी अभियान की सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संपन्न कराएं।

‘आशीर्वाद का दीया’ ने दिया जनभागीदारी का संदेश

‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रथम दिन आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जिलेभर में लाखों दीपों का प्रज्वलन जनभागीदारी का व्यापक उदाहरण बना। जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सेवा, समर्पण और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प को दीपों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। प्रभारी मंत्री ने इस सहभागिता को अभियान के आगामी कार्यक्रमों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए सभी से इसी उत्साह और सहयोग के साथ पूरे एक माह तक अभियान की गतिविधियों में सहभागी बनने का आह्वान किया।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!