कवर्धा

क़बीरधाम,,,,ऑटो चालकों के साथ यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की महत्वपूर्ण बैठक, सुरक्षित एवं सुगम यातायात के लिए दिए आवश्यक निर्देश।

ऑटो चालकों के साथ यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की महत्वपूर्ण बैठक, सुरक्षित एवं सुगम यातायात के लिए दिए आवश्यक निर्देश।

महिलाओं एवं यात्रियों से अभद्र व्यवहार पर होगी कार्रवाई, निर्धारित किराए से अधिक वसूली पर सख्त मनाही।

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में जिले में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना यातायात पुलिस द्वारा ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों एवं ऑटो चालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आरटीओ अधिकारी श्री गौरव पाटले,, रक्षित निरीक्षक श्री महेश्वर सिंह एवं उप निरीक्षक श्री अजयकांत तिवारी की उपस्थिति में ऑटो चालकों को यातायात नियमों के पालन, यात्रियों की सुरक्षा एवं बेहतर यातायात व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ऑटो चालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं तथा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में वाहन चलाते समय शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित होने की बात स्पष्ट करते हुए ऑटो चालकों को नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही महिलाओं एवं सभी यात्रियों के साथ शालीन, सम्मानजनक एवं मर्यादित व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। किसी भी यात्री के साथ अभद्रता अथवा दुर्व्यवहार पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यात्रियों से शासन/प्रशासन द्वारा निर्धारित किराया ही लेने तथा निर्धारित दर से अधिक राशि की वसूली नहीं करने के संबंध में भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। ऑटो चालकों को यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारीपूर्वक वाहन संचालन करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने के लिए कहा गया।

कबीरधाम पुलिस ने ऑटो यूनियन एवं सभी ऑटो चालकों से यातायात नियमों का पालन करते हुए अनुशासित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन की अपील की है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था के साथ-साथ महिलाओं एवं यात्रियों के सम्मानजनक और सुरक्षित आवागमन को लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!