जिला मुंगेली,,,,,,माँ अष्टभुजी दुर्गा मंदिर, हथनीकला में आयोजित राज्य स्तरीय संस्कृत शिक्षक एवं व्याख्याता प्रशिक्षण शिविर के पंचम दिवस विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण सम्पन्न

News by arvind singh rajput,,मुंगेली। छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम्, रायपुर के तत्वावधान में माँ अष्टभुजी दुर्गा मंदिर, हथनीकला, जिला मुंगेली में आयोजित राज्य स्तरीय संस्कृत शिक्षक एवं व्याख्याता प्रशिक्षण शिविर के पंचम दिवस, 20 नवम्बर 2026 को विविध ज्ञानवर्धक एवं शिक्षाप्रद प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन किया गया। शिविर में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे संस्कृत शिक्षकों एवं व्याख्याताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न विषयों का ज्ञान एवं प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् के अध्यक्ष श्री राजेश कुमार राजपूत, श्री यशवंत सिंह ठाकुर (पूर्व सरपंच एवं मालगुजार), सरपंच प्रतिनिधि श्री प्रीतम कोशले, श्री अजीत यादव (पूर्व जनपद सदस्य एवं चिकित्सक), श्री पीतांबर सिंह ठाकुर, श्री रोहित सिंह राजपूत तथा शिविर संचालिका श्रीमती नम्रता चंद्राकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना, वैदिक मंगलाचरण तथा पुष्प एवं धूप अर्पित कर किया गया।
प्रशिक्षण सत्र के प्रथम कालांश में श्री हुकुम साय शाण्डिल्य एवं डॉ. रामबाबू मिश्र द्वारा संस्कृत साहित्य के विविध पक्षों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। दोनों प्रशिक्षकों ने संस्कृत साहित्य की समृद्ध परंपरा, उसकी विशेषताओं एवं शैक्षिक महत्त्व पर प्रकाश डाला।
द्वितीय कालांश में श्री मनीष भार्गव, श्री तपेश्वर महोदय एवं आश्रिता भगिनी द्वारा संस्कृत सम्भाषण का प्रशिक्षण दिया गया। इस सत्र में संस्कृत में दैनिक वार्तालाप, सरल वाक्य प्रयोग तथा व्यवहारिक सम्भाषण के विभिन्न पक्षों की जानकारी दी गई।
भोजनावकाश के पश्चात तृतीय कालांश में श्री रितेश यादव एवं डलमनिया भगिनी द्वारा संस्कृत सम्भाषण का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षणार्थियों को संस्कृत में सहज एवं प्रभावशाली ढंग से संवाद करने के लिए प्रेरित किया गया।
चतुर्थ कालांश में श्री हेमेश्वर चंद्राकर एवं श्री हुकुम साय शाण्डिल्य द्वारा निर्धारित विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों का ज्ञानवर्धन किया गया।
पंचम कालांश में आश्रिता भगिनी एवं श्री पीतांबर सिंह ठाकुर द्वारा संस्कृत क्रीड़ा का अभ्यास कराया गया। इसके माध्यम से खेल-खेल में संस्कृत भाषा के प्रयोग, मनोरंजन एवं भाषा शिक्षण की रोचक विधियों से परिचित कराया गया।
शिविर के दौरान चाय एवं खेलकूद के मध्यांतर में भारतमाता की आरती, स्वाध्याय तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से शिविरार्थियों में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय चेतना तथा संस्कृत भाषा के प्रति विशेष उत्साह एवं अभिरुचि दिखाई दी।
दिवस के समापन अवसर पर सायंकालीन खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस प्रकार पंचम दिवस का प्रशिक्षण संस्कृत साहित्य, संस्कृत सम्भाषण, भाषा शिक्षण की गतिविधियों एवं क्रीड़ा प्रशिक्षण के माध्यम से उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।




