क़बीरधाम,,,,,,तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों हेतु शिक्षा प्रोत्साहन योजनाआवेदन की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026

तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों हेतु शिक्षा प्रोत्साहन योजना
आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज (व्यापार एवं विकास) सहकारी संघ मर्यादित के निर्देशानुसार तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “शिक्षा प्रोत्साहन योजना” संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों के प्रतिभावान एवं पात्र बच्चों को उच्च शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता एवं प्रोत्साहन प्रदान करना है।
योजना का लाभ ऐसे संग्राहक मुखिया परिवार के पात्र सदस्यों को दिया जाएगा, जिनके द्वारा विगत तीन वर्षों अर्थात वर्ष 2023, 2024 एवं 2025 में से किसी भी दो वर्षों में न्यूनतम 500-500 गड्डी तेन्दूपत्ता का संग्रहण किया गया हो।
योजना के अंतर्गत निम्नानुसार छात्रवृत्ति एवं पुरस्कार का प्रावधान है—
- व्यवसायिक कोर्स हेतु छात्रवृत्ति
तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवार के बच्चों के लिए प्रत्येक प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति स्तर पर प्रतिवर्ष एक विद्यार्थी का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थी को प्रथम वर्ष ₹10,000/-, तथा द्वितीय एवं आगामी वर्षों में ₹5,000/- प्रतिवर्ष की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह सहायता अधिकतम चार वर्षों तक देय होगी।
- गैर-व्यवसायिक कोर्स हेतु छात्रवृत्ति
प्रत्येक प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति में प्रतिवर्ष तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवार के मुखिया के एक छात्र एवं एक छात्रा का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को प्रथम वर्ष ₹5,000/-, द्वितीय वर्ष ₹4,000/- तथा तृतीय वर्ष ₹3,000/- की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
- मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार
प्रत्येक प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति क्षेत्र में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले पात्र छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। कक्षा 10वीं के लिए ₹2,500/- तथा कक्षा 12वीं के लिए ₹3,000/- का पुरस्कार निर्धारित है।
- प्रतिभाशाली शिक्षा प्रोत्साहन योजना
प्रत्येक प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति क्षेत्र में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा सर्वाधिक अंक अर्जित करने वाले पात्र छात्र-छात्राओं को विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। कक्षा 10वीं के लिए ₹15,000/- तथा कक्षा 12वीं के लिए ₹25,000/- की प्रोत्साहन राशि देय होगी।
आवेदन की प्रक्रिया
उपरोक्त समस्त योजनाओं के लिए आवेदन दिनांक 01.09.2026 से 30.09.2026 तक लोक सेवा केन्द्र (CSC) के माध्यम से प्रस्तुत किया जाना है। निर्धारित अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
आवेदन के साथ मार्च 2026 की अंकसूची, तेन्दूपत्ता संग्रहण कार्ड, संग्राहक मुखिया एवं छात्र/छात्रा का आधार कार्ड, छात्र/छात्रा का बैंक विवरण, व्यवसायिक/गैर-व्यवसायिक पाठ्यक्रम हेतु कॉलेज में प्रवेश शुल्क जमा करने की पर्ची तथा योजना के अनुसार अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा।
अतः तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों से अपील है कि वे अपने पात्र बच्चों को योजना का लाभ दिलाने हेतु निर्धारित समयावधि में लोक सेवा केन्द्र (CSC) के माध्यम से आवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत कराएं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 है। अधिक जानकारी के लिए संबंधित प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति के प्रबंधक से संपर्क किया जा सकता है।




