जिला मुंगेली,,,,,ग्राम कोदवाबानी में धूमधाम से मनाया गया दशहरा परंपरा के अनुसार 100 वर्षीय ग्राम पटेल श्री दया राम राजपूत जी के कर-कमलों से हुआ रावण दहन

मुंगेली/कोदवाबानी विजयादशमी के पावन अवसर पर ग्राम कोदवाबानी स्कूल मैदान में दशहरा उत्सव अत्यंत उल्लास, भक्ति और पारंपरिक गरिमा के साथ आयोजित किया गया। चली आ रही परंपरा के अनुसार, इस वर्ष भी यह मुख्य अनुष्ठान गांव के वरिष्ठ बुजुर्ग एवं 100 वर्षीय ग्राम पटेल श्री दया राम राजपूत जी के कर-कमलों द्वारा ही संपन्न कराया गया।
संध्या काल में आयोजित इस कार्यक्रम में रावण के पुतले का दहन होते ही पूरा मैदान ‘जय श्री राम’ के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। 100 वर्ष की आयु में भी श्री दया राम राजपूत जी का परंपरा का निर्वहन करते हुए रावण दहन करना पूरे ग्रामवासियों के लिए अत्यंत गौरवशाली और प्रेरणादायक क्षण रहा।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों का विशेष योगदान रहा, जिनके सक्रिय सहयोग से सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हुईं। इसके अलावा, उत्सव में शामिल होने के लिए आसपास के ग्रामीण जन भी बड़ी संख्या में पहुंचे, जिससे पूरे प्रांगण में भारी जनसैलाब देखने को मिला। उत्सव के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लालपुर थाना पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की गई, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर गाँव के युवा, बुजुर्ग, महिलाएँ और बच्चे बड़ी संख्या में एकत्र हुए और पटाखों की रोशनी व आतिशबाजी के बीच बुराई पर अच्छाई तथा अधर्म पर धर्म की विजय का यह पर्व मनाया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को विजयादशमी की बधाई देकर बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
उक्त जानकारी ग्राम पटेल दयाराम राजपूत जी के नाती अरविन्द सिंह राजपूत ने दी है।





