कवर्धा

जिला क़बीरधाम,,,,,गोवर्धन पूजा पर गौवंश संरक्षण का संदेश: अब पर्वत उठाने की नहीं, बेसहारा गायों को सहारा देने की जरूरत

रामा गौशाला बोड़ला में विधि-विधान से हुआ गोवर्धन पूजन, आचार्य मेघानंद शास्त्री जी ने कराया पूजन

बोड़ला। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर रामा गौशाला बोड़ला में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ गौ-पूजन और गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौवंश के गोबर से गोवर्धन पर्वत का निर्माण कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। आचार्य मेघानंद शास्त्री जी के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में गौसेवकों, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर गौमाता की पूजा-अर्चना की और गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

भगवान श्रीकृष्ण का गोवर्धन पर्वत उठाना गौवंश के प्रति प्रेम और संरक्षण का प्रतीक

रामा गौशाला के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने गोवंश और प्रकृति की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत उठाया था। भगवान श्रीकृष्ण का यह प्रसंग हमें गौवंश के प्रति प्रेम, सेवा, सुरक्षा और संरक्षण का संदेश देता है। गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि हमें प्रकृति और गोवंश के प्रति अपनी जिम्मेदारी याद दिलाने का भी अवसर है।

आज गोवंश सड़कों पर भटकने और भूख-प्यास से जूझने को मजबूर

उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि जिस गोवंश को हमारी संस्कृति में माता का दर्जा दिया गया है, वही आज सड़कों के किनारे और राष्ट्रीय एवं राजकीय मार्गों पर बेसहारा भटकने को मजबूर है। कहीं गायें भूख और प्यास से परेशान हैं तो कहीं सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा रही हैं। कई गोवंश को उचित आश्रय, चारा और पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। यह स्थिति केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करती है।

एक-एक गाय को सहारा देना ही गोवर्धन पूजा की सच्ची सार्थकता

सदस्यों ने कहा कि आज हमें गोवर्धन पर्वत उठाने की नहीं, बल्कि बेसहारा गायों को सुरक्षित आश्रय देने के लिए आगे आने की जरूरत है। यदि प्रत्येक परिवार एक गाय को अपने घर में स्थान दे, कोई व्यक्ति एक गाय के चारे-पानी की जिम्मेदारी उठाए या समाज मिलकर बेसहारा गोवंश के लिए सुरक्षित व्यवस्था बनाए, तो हजारों गोवंश को नई जिंदगी मिल सकती है।

केवल सरकार के भरोसे नहीं, समाज को भी निभानी होगी जिम्मेदारी

उन्होंने कहा कि गौवंश का संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं और घोषणाओं से संभव नहीं है। सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए, लेकिन समाज को भी आगे आना होगा। जब तक आम नागरिक, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि और गौसेवक मिलकर इस दिशा में प्रयास नहीं करेंगे, तब तक सड़कों पर भटकते गोवंश की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि इस गोवर्धन पूजा पर केवल पूजा-अर्चना तक सीमित न रहें, बल्कि कम से कम एक बेसहारा गाय की सुरक्षा, भोजन और आश्रय की जिम्मेदारी लेने का संकल्प करें। किसी एक बेसहारा गाय को सुरक्षित जीवन देना ही भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन पूजा के संदेश को वास्तविक अर्थों में अपनाना होगा।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!