क़बीरधाम,,,,,CEIR पोर्टल और तकनीकी जांच से कबीरधाम साइबर पुलिस को बड़ी सफलता।

CEIR पोर्टल और तकनीकी जांच से कबीरधाम साइबर पुलिस को बड़ी सफलता।
100 गुम मोबाइल की पतासाजी कर बरामदगी, करीब 25 लाख रुपये कीमत के मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए।
जिला कबीरधाम में गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की पतासाजी एवं बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना कबीरधाम को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। साइबर पुलिस टीम द्वारा CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल एवं अन्य तकनीकी माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए 100 नग गुम मोबाइल फोन की पतासाजी कर बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये है।
मोबाइल फोन गुम होने के बाद उनके वास्तविक वारिसानों द्वारा दी गई शिकायतों एवं उपलब्ध विवरण के आधार पर मोबाइल के IMEI नंबर को CEIR पोर्टल पर दर्ज/ब्लॉक कराया गया। साइबर पुलिस टीम द्वारा CEIR पोर्टल पर प्राप्त तकनीकी जानकारी एवं मोबाइल के पुनः नेटवर्क पर सक्रिय होने की स्थिति का विश्लेषण किया गया। मोबाइल फोन में अन्य सिम लगाए जाने अथवा नेटवर्क पर सक्रिय होने पर प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर संबंधित मोबाइल नंबरों एवं उपयोगकर्ताओं की पतासाजी की गई। इसके बाद आवश्यक पुलिस कार्रवाई करते हुए 100 नग गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए।
साइबर पुलिस टीम द्वारा केवल मोबाइल की लोकेशन अथवा वर्तमान उपयोगकर्ता की जानकारी प्राप्त करने तक सीमित न रहते हुए मोबाइल के IMEI नंबर, सिम कार्ड, मोबाइल नंबर एवं उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया गया। सत्यापन उपरांत बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों/वारिसानों से मिलान कर विधिवत् सुपुर्द किया गया। गुम मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली तथा उन्होंने कबीरधाम पुलिस एवं साइबर पुलिस टीम की कार्यवाही के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पर्यवेक्षण अधिकारी साइबर थाना उप पुलिस अधीक्षक श्री अखिलेश कुमार कौशिक एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में साइबर पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए गुम मोबाइल की पतासाजी की गई है।
तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से मिली सफलता, गुम मोबाइल पहुंचे अपने असली मालिकों तक
साइबर पुलिस टीम का नेतृत्व निरीक्षक उमाशंकर राठौर द्वारा किया गया। मोबाइल फोन की पतासाजी एवं बरामदगी में सउनि चंद्रकांत तिवारी, आरक्षक आकाश राजपूत, मनीष कुमार, अजय यादव, उपेन्द्र ठाकुर, शिवम् मण्डावी एवं अन्य स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
क्या है CEIR पोर्टल?
CEIR (Central Equipment Identity Register) भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित व्यवस्था है, जिसके माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन के IMEI नंबर को ब्लॉक करने तथा उसके नेटवर्क पर दोबारा उपयोग किए जाने की स्थिति में उसकी पहचान करने में सहायता मिलती है। इससे गुम/चोरी मोबाइल की पतासाजी एवं बरामदगी में पुलिस को तकनीकी सहायता प्राप्त होती है।
नागरिकों से अपील
मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर नागरिक तत्काल संबंधित थाना में सूचना दें तथा मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें। साथ ही CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम/चोरी मोबाइल को ब्लॉक कराने की कार्रवाई करें। मोबाइल वापस मिलने की स्थिति में इसकी सूचना पुलिस को अवश्य दें।
कबीरधाम पुलिस का प्रयास — आपकी गुम हुई संपत्ति को तकनीक की मदद से आप तक पहुंचाना।
साइबर पुलिस थाना, जिला कबीरधाम
“तकनीक का सही उपयोग — नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा”



