कवर्धा

क़बीरधाम,,,,,वनांचल ग्राम खारा में खेल के मैदान पर दिखा पुलिस-जन संवाद का सहज एवं आत्मीय स्वरूप।

वनांचल ग्राम खारा में खेल के मैदान पर दिखा पुलिस-जन संवाद का सहज एवं आत्मीय स्वरूप।

ग्रामवासियों के आमंत्रण को सहजता के साथ स्वीकार कर कबड्डी प्रतियोगिता में पहुंचे पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव।

खेल, संवाद और जागरूकता के माध्यम से ग्रामीणों के बीच पुलिस कप्तान, सुरक्षा एवं जनहित के विषयों पर दिये महत्वपूर्ण संदेश।

कबीरधाम पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर संवाद, आपसी विश्वास एवं सहभागिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से थाना रेंगाखार जंगल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खारा में कबड्डी प्रतियोगिता एवं पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया गया। ग्रामवासियों द्वारा आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव को विशेष रूप से उपस्थित होने हेतु आमंत्रित किया गया था।

ग्रामवासियों के इस आत्मीय आमंत्रण को सहजता से स्वीकार करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव स्वयं ग्राम खारा पहुंचे और कबड्डी प्रतियोगिता एवं पुलिस जन चौपाल में शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण रहा। ग्रामवासियों द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन एवं थाना प्रभारी रेंगाखार जंगल निरीक्षक श्री अरविंद साहू का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

खेल के मैदान से मजबूत हुआ पुलिस-जन संवाद

कबड्डी प्रतियोगिता में क्षेत्र के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी खेल प्रतिभा एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं को नशे एवं अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर खेल, शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और आमजन के विश्वास में लगातार हो रही वृद्धि

पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का मूल उद्देश्य पुलिस को आमजन के और अधिक करीब लाना तथा जनता की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को सीधे समझना है। पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि आमजन की सुरक्षा, सहयोग एवं विश्वास की महत्वपूर्ण कड़ी है। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस एवं जनता के बीच निरंतर संवाद, सहभागिता एवं पारस्परिक सहयोग से ही सुरक्षित एवं विश्वासपूर्ण वातावरण को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।

पुलिस जन चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

पुलिस जन चौपाल के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों के बीच सहज भाव से बैठकर क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुरक्षा से जुड़े विषयों पर प्रत्यक्ष संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या बताने में संकोच नहीं करना चाहिए। पुलिस से संबंधित किसी भी समस्या, शिकायत अथवा सूचना को बेझिझक पुलिस के समक्ष रखें, ताकि उसका नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही एवं निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

शासन-प्रशासन से संबंधित समस्या की भी दें जानकारी

पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से कहा कि क्षेत्र में शासन-प्रशासन से संबंधित कोई भी समस्या, आवश्यकता अथवा जनहित से जुड़ा विषय सामने आता है, तो उसकी जानकारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी समस्याओं को दबाकर न रखें, बल्कि उचित माध्यम से शासन-प्रशासन के संज्ञान में लाएं। जनहित से जुड़े विषयों के निराकरण के लिए पुलिस एवं प्रशासन के स्तर से आवश्यक समन्वय एवं सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

यातायात नियमों का पालन, सुरक्षित जीवन का आधार

पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों एवं युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नाबालिगों को वाहन चलाने न दें तथा शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ के प्रभाव में वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

साइबर अपराध से बचाव के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक

पुलिस अधीक्षक द्वारा ग्रामीणों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि अनजान व्यक्ति के फोन कॉल, मैसेज अथवा वीडियो कॉल पर विश्वास न करें तथा किसी भी परिस्थिति में OTP, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाते का विवरण, UPI PIN, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एप डाउनलोड करने तथा ऑनलाइन निवेश या लालच देने वाले संदेशों से सावधान रहने की समझाइश दी गई।

पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से कहा कि साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराएं नहीं और समय गंवाए बिना तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा निकटतम पुलिस थाना/साइबर सेल को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध में त्वरित सूचना देना अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे ठगी की राशि को रोकने एवं आवश्यक कार्यवाही करने में सहायता मिल सकती है।

पुलिस और ग्रामीणों की सहभागिता से सुरक्षित बनेगा वनांचल क्षेत्र

कबीरधाम पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस-जन संवाद को निरंतर सशक्त किया जा रहा है। खेल प्रतियोगिता, जन चौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को कानून, सुरक्षा, यातायात एवं साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत किया जा रहा है।

कार्यक्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी रेंगाखार जंगल निरीक्षक श्री अरविंद साहू सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामवासी, खिलाड़ी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम खारा के ग्रामवासियों एवं कबीरधाम पुलिस की महत्वपूर्ण सहभागिता एवं सहयोग रहा।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!