कवर्धा

क़बीरधाम,,,,,स्कूलों के सामने यातायात पुलिस ने लगाए नाबालिगों को वाहन न देने संबंधी जागरूकता पोस्टर

स्कूलों के सामने यातायात पुलिस ने लगाए नाबालिगों को वाहन न देने संबंधी जागरूकता पोस्टर

विद्यार्थियों को यातायात नियमों की समझाइश, उल्लंघन पर होगी परिजनों के विरुद्ध कार्रवाई

कबीरधाम पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्रीमती अपूर्वा सिंह क्षत्रिय के दिशा निर्देश पर यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक श्री महेश्वर सिंह के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में स्वामी करपात्री जी स्कूल एवं स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने संबंधी जागरूकता पोस्टर लगाए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने तथा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।

यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आती है तथा वाहन चालकों, यात्रियों एवं पैदल राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, यातायात संकेतों का सम्मान और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने जैसी सावधानियां गंभीर दुर्घटनाओं से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। नियमों का पालन कर प्रत्येक नागरिक स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान की सुरक्षा में भी योगदान देता है।

वहीं, यातायात नियमों की अनदेखी करने से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, जिससे गंभीर चोट, मृत्यु एवं परिवार को आर्थिक और मानसिक क्षति का सामना करना पड़ सकता है। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना विशेष रूप से जोखिमपूर्ण है, क्योंकि उनके पास वाहन संचालन का आवश्यक अनुभव एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होता। ऐसे मामलों में दुर्घटना के साथ-साथ संबंधित अभिभावकों को भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

यातायात प्रभारी श्री महेश्वर सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिग द्वारा वाहन चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार अभिभावकों के विरुद्ध चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कबीरधाम यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!