कवर्धा
छत्तीसगढ़,,,,,,,,,छत्तीसगढ़ राजपूत महासभा का भव्य दशहरा मिलन और शस्त्र पूजन समारोह संपन्न

स्वतंत्रता सेनानी स्व. ठा. लोटन सिंह की प्रतिमा का अनावरण और पत्रिका का विमोचन
- बाइक रैली और तलवारबाजी के करतबों ने खींचा ध्यान
राजनांदगांव
छत्तीसगढ़ राजपूत महासभा-49 (सर्व क्षत्रिय राजपूत महासंघ का 22वाँ सहयोगी संगठन) के तत्वावधान में राजनांदगांव के महाराणा प्रताप भवन में दशहरा मिलन एवं शस्त्र पूजन समारोह अत्यंत भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
समारोह की शुरुआत सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहनों की एक विशाल रैली से हुई, जिसमें सर्व क्षत्रिय समाज के बंधुओं और मातृशक्ति ने भारी संख्या में शिरकत की। इसके बाद आराध्य देव भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर, वैदिक मंत्रोच्चार, जयकारों और पारंपरिक नगाड़ों की गूँज के बीच विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया।
प्रतिमा अनावरण और पत्रिका का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानी स्व. ठा. लोटन सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया और छत्तीसगढ़ राजपूत महासभा-49 की पत्रिका का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर समाज के बालक-बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए तलवारबाजी के रोमांचक करतबों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
वीर रस के कवियों ने बांधा समां
मुख्य अतिथि खैरागढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह ने समाज के गौरवशाली इतिहास, पराक्रम और बलिदान की परंपरा पर प्रकाश डाला। महासभा के अध्यक्ष श्री विष्णु बहादुर सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। राजस्थान से पधारे वीर रस के ओजस्वी कवि श्री राम भदावर ने क्षत्रिय समाज के त्याग, शौर्य, साहस और स्वाभिमान की ऐतिहासिक गाथाओं का ओजस्वी काव्यपाठ कर समारोह में जोश भर दिया।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्री जे.के. सिंह, उपाध्यक्ष श्री रतन क्षत्रिय, महासचिव श्री प्रेम सिंह, कोषाध्यक्ष श्री गजेन्द्र सिंह, संरक्षक श्री केदार सिंह, मीडिया प्रवक्ता श्री तेन सिंह, युवा अध्यक्ष श्री विशाल सिंह तथा नारीशक्ति से साधना सिंह, शिवानी सिंह, अचला सिंह व रंजना सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस आयोजन में राजनांदगांव, खैरागढ़, डोंगरगढ़, डोंगरगांव, नारायणपुर, सुकमा, कवर्धा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, भिलाई, जांजगीर, मुंगेली, बेमेतरा समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में क्षत्रिय-जनों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में महासचिव श्री जयनारायण सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।
उक्त जानकारी महासंघ के मीडिया प्रभारी अरविन्द सिंह राजपूत ने दी।




