कवर्धा

क़बीरधाम,,,कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को मिलेगी 13,839 रुपए प्रति एकड़ आदान सहायता राशि

धान की उपज कम बेचने पर भी मिलेगा पूरा लाभ, 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा के आधार पर होगी गणना

खरीफ 2026-27 से लागू होंगे नए दिशा-निर्देश, धान और धान बीज उपार्जन कराने वाले पात्र किसानों को आधार लिंक्ड बैंक खाते में होगा भुगतान

कवर्धा, 13 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन ने खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए कृषक उन्नति योजना के क्रियान्वयन को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले पात्र किसानों को 13,839 रुपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। खास बात यह है कि यदि किसान निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचता है, तब भी उसे सत्यापित बोए गए रकबे के आधार पर पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी।

प्रति एकड़ 13,839 की सहायता राशि का निर्धारण

शासन द्वारा निर्धारित गणना के अनुसार कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2441 प्रति क्विंटल तथा निर्धारित आधार मूल्य 3100 प्रति क्विंटल के अंतर 659 को अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से गुणा करने पर 13839 प्रति एकड़ आदान सहायता राशि निर्धारित की गई है। विशेष बात यह है कि किसान द्वारा निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम मात्रा में भी धान उपार्जन हेतु विक्रय किए जाने पर, डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित बोए गए धान के पात्र रकबे के अनुसार निर्धारित दर से सहायता राशि देय होगी।

योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रमुख पात्रता

किसान का खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीयन होना आवश्यक है तथा संबंधित किसान से मार्कफेड द्वारा सहकारी समिति व लैम्प्स के माध्यम से धान उपार्जित किया जाना चाहिए। धान बीज उत्पादक किसानों के लिए बीज निगम द्वारा धान बीज का उपार्जन किया जाना आवश्यक है। कृषक का एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य होगा। किसान द्वारा बोए गए धान के रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से सत्यापन होने के बाद ही सहायता राशि देय होगी। जहां डिजिटल क्रॉप सर्वे का डेटा उपलब्ध नहीं है, वहां जिला कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता राशि दी जा सकेगी। ग्रीष्मकालीन मौसम में बोए गए धान के लिए इस योजना का लाभ देय नहीं होगा।

आधार लिंक बैंक खाते में होगा भुगतान

योजना अंतर्गत पात्र किसानों को आदान सहायता राशि का भुगतान उनके आधार लिंक बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से किया जाएगा। धान विक्रय के लिए टोकन जारी करते समय ही किसान द्वारा कृषक उन्नति योजना अंतर्गत निर्धारित प्रारूप में आवेदन किया जाएगा। कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे अपना एग्रीस्टैक पंजीयन पूर्ण कराएं, बैंक खाते को आधार से लिंक रखें तथा धान बोए गए रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे में सही सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। कृषक उन्नति योजना का उद्देश्य फसल क्षेत्राच्छादन, उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि, कृषि लागत में कमी, किसानों की आय में वृद्धि तथा आधुनिक कृषि तकनीकों एवं बाजारोन्मुखी फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित कर कृषि को लाभकारी व्यवसाय के रूप में स्थापित करना है।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!