क़बीरधाम,,,,सेवा संकल्प अभियान में योजनाओं का शत-प्रतिशत सैचुरेशन और जनभागीदारी पर जोर

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की दी जानकारी
कवर्धा, 28 सितंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में चल रहे कार्यों और आगामी गतिविधियों की जानकारी देने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना, योजनाओं का शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करना और सेवा कार्यों में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
कलेक्टर ने बताया कि अभियान के तहत गांव-गांव और घर-घर सर्वे कर पात्र हितग्राहियों की पहचान की जा रही है। राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं में पात्र लोगों से जुड़े गैप चिन्हित किए जा रहे हैं। इसके बाद पात्र हितग्राहियों से आवेदन लेकर आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अभियान की गतिविधियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और जनभागीदारी बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की।
1 से 7 अक्टूबर तक क्लस्टर स्तर पर लगेंगे शिविर
कलेक्टर ने बताया कि 1 से 7 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए लगभग 15 गांवों का क्लस्टर बनाया जाएगा। शिविरों में पात्र हितग्राहियों से योजनाओं के आवेदन लिए जाएंगे तथा तैयार दस्तावेज और स्वीकृत लाभ का वितरण भी किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
‘आंगन मिलन सेवा’ से पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। बच्चों के वजन की जांच, कुपोषित एवं गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान, गर्भवती और धात्री माताओं के स्वास्थ्य की जानकारी तथा अभिभावकों को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलौना बैंक भी विकसित किए जा रहे हैं। शहरों में भी खिलौना बैंक बनाने की योजना है, जहां इच्छुक लोग उपयोगी खिलौने जमा कर सकेंगे। इन खिलौनों का उपयोग आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
नदी-घाट सफाई, रक्तदान और स्वास्थ्य शिविरों में बढ़ेगी जनभागीदारी
अभियान के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन, नदी-घाटों की सफाई, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाई जा रही है। इसके साथ ही रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, योग एवं ध्यान सत्र, वृद्धाश्रम भ्रमण, स्वच्छता गतिविधियां, प्लास्टिक मुक्ति के लिए जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम, गौ-सेवा, वृक्षारोपण और सेवा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक विकासखंड में रक्तदान शिविर आयोजित करने की भी योजना है।
युवाओं को नशा मुक्ति का संदेश
कलेक्टर ने बताया कि स्कूलों में नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जरूरतमंद विद्यार्थियों तक उपयोगी पुस्तकें पहुंचाने के लिए पुस्तक बैंक की पहल पर भी कार्य किया जाएगा।
सेवा कार्यों को अभियान के बाद भी जारी रखने पर जोर
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की अवधि 17 अक्टूबर तक निर्धारित है, लेकिन अभियान के माध्यम से शुरू किए गए सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, पेंशन और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाओं से वंचित पात्र लोगों की जानकारी सामने आती है। ऐसे मामलों का पात्रता के अनुसार निराकरण करने में क्लस्टर स्तर के शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




