जिला मुंगेली,,,,राजपूत क्षत्रिय समाज की महिलाओं ने भक्तिभाव से मनाया हरतालिका तीज पर्व

मुंगेली/ मुंगेली जिले के ग्राम कोदवाबानी में राजपूत क्षत्रिय समाज पंजीयन क्रमांक 3738 की महिलाओं द्वारा हरतालिका तीज का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ मनाया गया। अखंड सौभाग्य, पति की दीर्घायु और परिवार में सुख-समृद्धि की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने दिनभर कड़ा निर्जला व्रत रखा।
तीज पर्व के अवसर पर समाज की महिलाओं ने एक स्थान पर एकत्र होकर प्राकृतिक पत्तों व सुंदर पुष्पों से भव्य फुलेरा सजाया। तत्पश्चात भगवान शिव और माता पार्वती की मिट्टी की प्रतिमा स्थापित कर पूरे विधि-विधान, मंत्रोच्चार और परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की।
पारंपरिक परिधानों और सोलह श्रृंगार में सजी महिलाओं ने पूजा के बाद दिनभर एवं रातभर भक्तिमय जागरण किया। इस दौरान महिलाओं ने ढोलक और मंजीरों की थाप पर भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती के सुंदर भजन, सोहर और तीज के पारंपरिक गीत गाए। पूरी रात भक्ति गीतों की गूंज से गांव का वातावरण शिवमय और ऊर्जावान बना रहा।
इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में समाज की महिलाओं व युवतियों ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
उक्त जानकारी अरविन्द सिंह राजपूत ने दी।




