जिला क़बीरधाम,,,,,मां के नाम लगाए पेड़ की पूजा करने पहुंचे राजा खड़गराज सिंह

मां के नाम लगाए पेड़ के सामने नतमस्तक हुए राजा खड़गराज सिंह, गौसेवा कर रहे युवाओं की बढ़ाई हौसला
रामा गौशाला में युवाओं से की आत्मीय चर्चा, गौसेवा के कार्यों की सराहना
बोड़ला। रामा गौशाला, बोड़ला में सहसपुर लोहारा के राजा खड़गराज सिंह जी का आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने सहसपुर लोहारा की राजमाता स्वर्गीय अनसुईया देवी जी की स्मृति में गौशाला परिसर में लगाए गए कदम के वृक्ष की पूजा-अर्चना की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजा खड़गराज सिंह ने गौशाला में समय बिताते हुए युवा साथियों से आत्मीय चर्चा की। उनके सरल, सहज और सौम्य व्यवहार ने उपस्थित युवाओं को प्रभावित किया। इस अवसर पर युवाओं ने गौसेवा एवं गौवंश के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी उन्हें दी।
राजा खड़गराज सिंह ने कहा कि “आज नगर पंचायत बोड़ला जाने का अवसर मिला। वहां के कुछ युवा साथियों ने सहसपुर लोहारा की राजमाता अनसुईया देवी जी के सम्मान में गौठान परिसर में एक वृक्ष लगाया है। आज उस वृक्ष की पूजा करने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ।”
उन्होंने आगे कहा कि गौशाला में दुर्घटनाओं में घायल गौमाताओं की सेवा और देखभाल कर रहे युवाओं का कार्य बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा, “बिना किसी शासकीय सहायता के अपने सीमित संसाधनों में जिस समर्पण और संवेदना के साथ युवा साथी गौमाताओं की सेवा कर रहे हैं, वह वास्तव में मन को छू लेने वाला और प्रेरणादायी कार्य है।”
राजा खड़गराज सिंह ने युवाओं के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं युवाओं ने भी उनके आगमन और वृक्ष की पूजा-अर्चना करने के लिए आभार व्यक्त किया।




