क़बीरधाम,,,,क्षितिज अपार संभावनाएं योजना के तहत दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेगी उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन राशि

मेधावी एवं उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए समाज कल्याण विभाग की पहल
कवर्धा, 16 जुलाई 2026। समाज कल्याण विभाग द्वारा क्षितिज अपार संभावनाएं योजना के अंतर्गत दिव्यांग विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए उच्च शिक्षा प्रोत्साहन राशि योजना संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य आर्थिक अभाव एवं दिव्यांगता के कारण शिक्षा से वंचित होने वाले मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। योजना के अंतर्गत 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले छत्तीसगढ़ के मूल निवासी विद्यार्थी पात्र होंगे। जिले में माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक परीक्षा में दिव्यांग श्रेणी में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ आईटीआई, पॉलिटेक्निक, स्नातक, स्नातकोत्तर, चिकित्सा, तकनीकी, व्यावसायिक शिक्षा एवं पीएचडी में नियमित अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलेगा। योजना के तहत माध्यमिक परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दिव्यांग छात्र एवं छात्रा को 2 हजार रुपए, उच्चतर माध्यमिक परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र एवं छात्रा को 5 हजार रुपए एकमुश्त प्रदान किए जाएंगे। वहीं आईटीआई, पॉलिटेक्निक, स्नातक एवं स्नातकोत्तर (कला, वाणिज्य एवं विज्ञान) के नियमित विद्यार्थियों को 6 हजार रुपए प्रतिवर्ष तथा चिकित्सा, तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों एवं पीएचडी में अध्ययनरत विद्यार्थियों को 12 हजार रुपए प्रतिवर्ष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित आवेदन पत्र के साथ दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो एवं नियमित अध्ययन प्रमाण-पत्र संलग्न कर संयुक्त संचालक अथवा उप संचालक, समाज कल्याण जिला कार्यालय, कबीरधाम में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।



