क़बीरधाम,,,,क्षितिज अपार संभावनाएं के तहत दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना

संघ एवं छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में सफलता पर मिलेगी 50 हजार रुपए तक की प्रोत्साहन राशि
कवर्धा, 16 जुलाई 2026। समाज कल्याण विभाग द्वारा क्षितिज अपार संभावनाएं योजना के अंतर्गत दिव्यांग अभ्यर्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) एवं छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करने हेतु सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य दिव्यांग युवाओं को सिविल सेवा जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करना तथा अन्य दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करना है।
समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्रीमती अभिलाषा पंडा ने बताया कि योजना का लाभ 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले छत्तीसगढ़ के मूल निवासी ऐसे अभ्यर्थियों को मिलेगा, जिन्होंने संघ लोक सेवा आयोग अथवा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की हो। योजना के अंतर्गत प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने पर 20 हजार रुपए, प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा दोनों उत्तीर्ण करने पर 30 हजार रुपए तथा अंतिम चयन होने पर 50 हजार रुपए की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। यह लाभ जीवनकाल में एक बार ही देय होगा। इच्छुक पात्र अभ्यर्थी संयुक्त संचालक अथवा उप संचालक, समाज कल्याण जिला कार्यालय, कबीरधाम में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।




