कवर्धा

क़बीरधाम,,,,अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र अब ऑनलाइन जारी होंगे, पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ

कवर्धा, 14 मई 2026। केंद्र प्रवर्तित अनुसूचित जाति एवं अन्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संचालित प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत कम्पोनेंट्स ।। के तहत कक्षा पहली से दसवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को देय अस्वच्छ व्यवसाय छात्रवृत्ति हेतु आवश्यक अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र अब ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। यह प्रमाण पत्र जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र की भांति अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार स्तर से जारी किया जाएगा।
शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार चिप्स द्वारा ऑनलाइन प्रमाण पत्र की प्रक्रिया तैयार कर इसे लाइव कर दिया गया है। अब आवेदक कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी अथवा तहसीलदार कार्यालय स्थित लोक सेवा केंद्र में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकेंगे। आवेदन हेतु 10 रुपए के स्टाम्प पर शपथ पत्र के साथ निर्धारित प्रारूप में सरपंच अथवा पार्षद तथा पटवारी के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र संलग्न करना आवश्यक होगा।
जिला कबीरधाम अंतर्गत समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों तथा प्रधान पाठकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विकासखंड एवं विद्यालय क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही कक्षा पहली से दसवीं तक अध्ययनरत अनुसूचित जाति एवं अन्य वर्ग के ऐसे विद्यार्थियों, जिनके परिवार अस्वच्छ व्यवसाय में कार्यरत हैं, उनके व्यवसाय प्रमाण पत्र ऑनलाइन बनवाना सुनिश्चित करें ताकि अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिल सके। कार्यालय द्वारा समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों को अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र का नमूना प्रारूप एवं आवेदन प्रारूप भी उपलब्ध करा दिया गया है।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!