कवर्धा

कबीरधाम,,,,नेत्र रोगों की समय पर पहचान और गुणवत्तापूर्ण उपचार पर जोर

कबीरधाम में नेत्र चिकित्सा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों का एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण आयोजित

कवर्धा, 6 फरवरी 2026/
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कबीरधाम के मार्गदर्शन में नेत्र वसंत रूरल आई हेल्थ प्रोग्राम के अंतर्गत नेत्र चिकित्सा अधिकारियों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण नेत्र देखभाल विषय पर एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला अस्पताल के सभागृह में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जन कल्याण सामाजिक संस्थान द्वारा साइट सेवर इंडिया के तकनीकी सहयोग से किया गया।
      इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में नेत्र रोगों की समय पर पहचान, प्राथमिक स्तर पर नेत्र जांच की गुणवत्ता में सुधार, सुदृढ़ रेफरल प्रणाली का निर्माण, तथा नेत्र देखभाल से संबंधित नवीन राष्ट्रीय दिशानिर्देशों एवं प्रोटोकॉल से स्वास्थ्य कर्मियों को अवगत कराना रहा। विशेष रूप से बैगा बाहुल्य एवं दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में आपसी समन्वय के माध्यम से मोतियाबिंद रोगियों के सफल ऑपरेशन को सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन श्रीमती अनुपमा तिवारी, डॉ. एस.के. शर्मा (जिला पैथोलॉजिस्ट, जिला अस्पताल), जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम श्रीमती क्षमा चोपड़ा, साइट सेवर इंडिया से उर्मिमाला, तथा क्रियान्वयन संस्था के प्रतिनिधि श्री योगेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। साइट सेवर इंडिया, छत्तीसगढ़ की राज्य प्रमुख उर्मिमाला जी ने नेत्र वसंत रूरल आई हेल्थ प्रोग्राम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है और लक्ष्यों की प्राप्ति केवल सशक्त समन्वय एवं सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। डीपीएम श्रीमती अनुपमा तिवारी ने अधिक से अधिक मोतियाबिंद रोगियों के चिन्हांकन पर जोर देते हुए फील्ड स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने भी जमीनी स्तर पर हो रही चुनौतियों से अधिकारियों को अवगत कराया।
      जिला नोडल अधिकारी क्षमा चोपड़ा ने संस्थाओं से आग्रह किया कि चिन्हित मोतियाबिंद रोगियों को सर्जरी हेतु जिला अस्पताल भेजने में सक्रिय भूमिका निभाई जाए, ताकि अंधत्व निवारण कार्यक्रम के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। कार्यक्रम में जिले के नेत्र सहायक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, सूर्या नेत्रालय के प्रतिनिधि, उदयाचल राजनांदगांव के नेत्र सहायक देव लाल बंजारे, साइट सेवर इंडिया से अशोक नंदेश्वर, मोबिलाइज़र जय प्रकाश पोर्ते, तुलाराम यादव सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!