कवर्धा

क़बीरधाम,,,,,समय-सीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करें कार्य – कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा

कलेक्टर ने बोड़ला में की विकास कार्यों की गहन समीक्षा, दिए सख्त निर्देश

फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की करे मॉनिटरिंग

कलेक्टर ने आवास योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश

कवर्धा, 3 अप्रैल 2026। जिले के बोड़ला विकासखंड के मंगल भवन में आयोजित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पीएम जनमन योजना सहित विभिन्न बोड़ला में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कलेक्टर श्री वर्मा ने बैठक के दौरान जनमन योजना, विधायक निधि, सांसद निधि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, जनपद पंचायत विकास निधि, 15वें वित्त आयोग, मुख्यमंत्री घोषणा, स्कूल शिक्षा सामग्र योजना एवं जिला खनिज न्यास के तहत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति, लागत, गुणवत्ता और समय-सीमा की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य तय मापदंडों के अनुरूप ही पूरे किए जाएं। कलेक्टर श्री वर्मा ने विशेष रूप से जनमन आवास योजना की समीक्षा करते हुए गांव-वार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने इंजीनियरों, आवास मित्रों एवं पंचायत सचिवों से प्रत्येक गांव के स्वीकृत, निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुके आवासों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन हितग्राहियों के खातों में राशि जारी हो चुकी है, उनके आवास निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराए जाएं।

कलेक्टर श्री वर्मा ने आवास मित्रों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग करें और हितग्राहियों को तकनीकी एवं प्रशासनिक सहयोग प्रदान करें। जिन हितग्राहियों की राशि आ चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, उनकी अलग सूची तैयार कर तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। ई-केवाईसी में आ रही तकनीकी समस्याओं को भी प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि जिले को बड़ी संख्या में आवासों की स्वीकृति मिली है, इसलिए यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि प्रत्येक हितग्राही को समय पर उसका पक्का मकान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या निम्न गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर श्री आर बी देवांगन, जनपद पंचायत सीईओ श्री आकाश राजपूत सहित इंजीनियर, आवास मित्र एवं पंचायत सचिव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों पर की चर्चा

कलेक्टर ने जनपद पंचायत बोड़ला में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक कर विस्तार से चर्चा की। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति, समस्याओं एवं सुधार के सुझाव साझा किए। सिंगनपुरी और राजानवागांव में रिटर्निंग वॉल निर्माण की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों पर कलेक्टर ने अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा खराब गुणवत्ता पाए जाने पर पुनः निर्माण कराने को कहा। बोड़ला क्षेत्र में प्रस्तावित पोस्ट मैट्रिक कन्या शाला भवन निर्माण के संबंध में कलेक्टर ने जानकारी लेते हुए बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य शीघ्र प्रारंभ कर समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। बैठक के दौरान ग्राम खैरबना कला में राशन दुकान संचालन को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा शिकायत की गई, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल खाद्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। लगभग 3 हजार की आबादी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने वहां दो राशन दुकानों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त ग्राम सचिवों से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर भी कलेक्टर ने गंभीरता दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में पुर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशी राम धुर्वे, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री नंद श्रीवास, श्री लोकचंद साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!