कवर्धा

जिला क़बीरधाम⛔⛔⛔⛔कलेक्टर ने पिपरिया में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की

निर्माण कार्यों का अवलोकन कर गुणवत्तापूर्ण और समय सीमा में पूरा करने के दिए निर्देश

शौचालय के खराब टाइल्स उखाड़कर दोबारा लगाने के दिए निर्देश

कवर्धा 30 मार्च 2026। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज नगर पंचायत पिपरिया के सभाकक्ष में बैठक लेकर पिपरिया में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विधायक निधि, राज्य प्रवर्तित मद तथा 15वें आयोग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों की प्रगति का बारीकी से जानकारी लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री घुरवा राम साहू, उपाध्यक्ष श्री शिवचरण पटेल सभापति, पार्षद सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने समीक्षा के दौरान अधोसंरचना मद से संचालित शौचालय एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि अधोसंरचना मद से 29 कार्य स्वीकृत है। इन 29 कार्यों में से 21 कार्य प्रगति पर हैं, जबकि 8 कार्य स्थल विवाद के कारण प्रारंभ नहीं हो सके हैं। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिया कि अधिकारी स्थल का निरीक्षण कर विवाद का शीघ्र निराकरण करें और कार्य प्रारंभ कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण होना चाहिए। कलेक्टर ने राज्य प्रवर्तित मद के तहत निर्माणाधीन मुक्तिधाम की जानकारी लेते हुए वहां हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण एवं गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुक्तिधाम तक पहुंचने में आ रही सड़क समस्या के समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
कलेक्टर श्री वर्मा ने पिपरिया में स्वीकृत लगभग ढाई करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अस्पताल के संबंध में जानकारी ली और निर्देश दिए कि अस्पताल निर्माण के लिए शीघ्र भूमि का चिन्हांकन कर कार्य प्रारंभ किया जाए। तहसील भवन निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने किसान सुविधा को ध्यान में रखते हुए किसान रेस्ट हाउस के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जलापूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए और सभी वार्डों में नियमित पानी उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान एसडीएम कवर्धा श्री चेतन साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री आरबी देवांगन, तहसीलदार श्री प्रमोद चंद्रवंशी, सीएमओ श्री योगेश्वर नेताम उपस्थित रहे।

ई-केवाईसी के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश

राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान यह जानकारी सामने आई कि ई-केवाईसी के कारण हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। इस पर कलेक्टर श्री वर्मा ने खाद्य अधिकारी को तत्काल निर्देशित किया कि पिपरिया में विशेष शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों का शीघ्र ई-केवाईसी पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को राशन के लिए भटकना न पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए।

निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, खराब टाइल्स उखाड़कर दोबारा लगाने के दिए निर्देश

कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने पिपरिया का दौरा कर विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय, आकांक्षी शौचालय एवं व्यायाम शाला का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शौचालय में कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने शौचालय में लगी टाइल्स की खराब गुणवत्ता को देखते हुए उसे तत्काल उखाड़कर दोबारा सही तरीके से लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और टिकाऊ तरीके से किए जाएं।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!