कवर्धा

क़बीरधाम,,,,वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर युवा संसद में युवाओं ने रखे विचार

जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद में 40 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, अदिति मिश्रा ने हासिल किया प्रथम स्थान

प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे कबीरधाम जिले का प्रतिनिधित्व
*
कवर्धा, 04 नवंबर 2026। लोकतंत्र को मजबूत बनाने, चुनाव सुधारों की समझ विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासकीय पीजी कॉलेज कवर्धा में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत कवर्धा एवं शासकीय पीजी कॉलेज कवर्धा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस युवा संसद में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर जिले के 40 से अधिक प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे। युवाओं ने विषय के विभिन्न पहलुओं पर तार्किक ढंग से अपनी बात रखते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव सुधारों पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत कबीरधाम के अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद लोकसभा क्षेत्र राजनांदगांव के निज सहायक श्री गजराज सिंह राजपूत उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शासकीय महाविद्यालय लोहारा की प्राचार्य श्रीमती कामती सिंह परिहार, पीजी कॉलेज कवर्धा की प्राचार्य डॉ. रिचा मिश्रा, स्वीप नोडल प्रभारी श्री नरेंद्र कुमार कुलमित्र, श्री गजराज सिंह राजपूत तथा यूथ आइकन एवं नेशनल यूथ पार्लियामेंट के प्रतिभागी श्री गुलाब सिंह वर्मा, धमतरी शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के विषय ज्ञान, तार्किक क्षमता, विचारों की स्पष्टता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर परिणाम घोषित किए।
प्रतियोगिता में शासकीय पीजी कॉलेज कवर्धा की अदिति मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। अक्षत शर्मा द्वितीय और अदिति तिवारी तृतीय स्थान पर रहे। माय भारत कवर्धा के जिला युवा अधिकारी श्री राज पटेल ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले तीनों प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। युवा संसद का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक जागरूकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। इस मंच के माध्यम से प्रतिभागियों को राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपनी बात रखने, तर्कों के साथ विचार प्रस्तुत करने और संसदीय कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम ने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!