क़बीरधाम,,,,सेवा संकल्प अभियान के तहत स्कूलों में होंगी चित्रकला, भाषण एवं विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं

विद्यार्थी चित्रों और विचारों के माध्यम से बताएंगे बीते 25 वर्षों की उपलब्धियां
स्कूलों में 18 सितंबर को होगी चित्रकला प्रतियोगिता, विद्यार्थी रंगों से देंगे ‘सेवा संकल्प’ का संदेश
कवर्धा, 17 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत कबीरधाम जिले के स्कूलों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान चित्रकला, भाषण, प्रदर्शनी, न्यौता भोज, नुक्कड़ नाटक एवं रंगोली सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 18 सितम्बर 2026 को जिले के समस्त स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें 50 प्रतिशत विद्यार्थी पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों तथा 50 प्रतिशत विद्यार्थी आगामी 25 वर्षों की आकांक्षाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित चित्र बनाएंगे। 19 सितम्बर 2026 को विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स की प्रदर्शनी एवं पीटीएम का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में अभिभावकों, एसएमसी, एसएमडीसी सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसी दिन निर्धारित विषय पर विद्यार्थियों के मध्य भाषण प्रतियोगिता तथा शालाओं में विशेष न्यौता भोज का आयोजन भी किया जाएगा।
विकासखंड एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के अंतर्गत प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर की प्रतियोगिताएं 28 सितम्बर 2026 तथा हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्तर की प्रतियोगिताएं 01 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएंगी। 03 अक्टूबर 2026 को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, सिग्नल चैक, कवर्धा में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें प्रत्येक विकासखंड से चयनित 5-5 भाषण प्रतिभागी एवं 20-20 चित्रकला प्रतिभागी शामिल होंगे। अभियान अवधि के दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ (नुक्कड़ नाटक) तथा उच्च शिक्षा विभाग द्वारा रंगोली प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी शाला प्रमुखों एवं नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए गुणवत्तापूर्ण आयोजन एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने विद्यार्थियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।



