Uncategorized

जिला कबीरधाम,,,,मांदीभाठा खुर्द में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न, शिक्षा से सशक्त गणतंत्र का दिया संदेश

पदमराज सिंह ठाकुर कबीरधाम

बैगा जनजाति गांव मांदीभाठा खुर्द में देशभक्ति की गूंज, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

बोड़ला – मांदीभाठा खुर्द गांव में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर गांव में प्रभात रैली, ध्वजारोहण एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों, बच्चों और शिक्षकों की सराहनीय सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सुनील केशरवानी, जिलाध्यक्ष जनता कांग्रेस उपस्थित रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।ध्वजारोहण से पूर्व गांव में प्रभात रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली भारत माता, वीर शहीदों और देशभक्ति के जयघोषों से गूंजती रही, जिससे पूरे गांव में राष्ट्रप्रेम का माहौल बन गया।
इसके पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छोटे-छोटे बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुति पर ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया तथा प्रत्येक कार्यक्रम पर नगद राशि प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया।
मुख्य अतिथि सुनील केशरवानी ने अपने संबोधन में कहा कि “77वें गणतंत्र दिवस की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमारा गण और तंत्र तभी मजबूत होगा जब समाज शिक्षित होगा। शासन और प्रशासन जनकल्याण की अनेक योजनाएं बनाते हैं, लेकिन शिक्षा के अभाव में कई बार उन योजनाओं का लाभ सही लोगों तक नहीं पहुंच पाता और धांधली की स्थिति बन जाती है।”
उन्होंने कहा कि बच्चों को उच्च शिक्षा से जोड़ना समय की आवश्यकता है, ताकि वे अपने अधिकारों को समझ सकें और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। साथ ही उन्होंने जल-जंगल-जमीन को सभी का समान अधिकार बताते हुए इनके संरक्षण को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम के दौरान अध्ययनरत एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिलाध्यक्ष ने घोषणा की कि गांव में संचालित प्राथमिक विद्यालय में इस वर्ष कक्षा पांचवीं की बोर्ड परीक्षा में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार एवं मेडल प्रदान किए जाएंगे, ताकि बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़े।
गौरतलब है कि मांदीभाठा खुर्द एक बैगा जनजाति बहुल गांव है, जहां आज भी शिक्षा के प्रति अपेक्षित जागरूकता की कमी है। ऐसे में विद्यालय के प्रधानपाठक शिवचरण सोनवानी एवं शिक्षक चन्द्रवंशी द्वारा बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी तैयार किया जा रहा है, जो सराहनीय प्रयास है। कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामीणों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया तथा मिष्ठान वितरण कर गणतंत्र दिवस की खुशियां साझा की गईं। इस अवसर पर रूपलाल, झूमुक सिंह, मोतीलाल, मुन्ना जी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मालती, मरकाम मैडम, सीता परटे, लक्ष्मी धूमकेटी, बिहारी यादव, ललिता धूमकेटी सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

पदमराज ठाकुर

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Sorry! Could not copy!